जयपुर, 23 सितंबर। आमजन की पुलिस तक पहुंच आसान बनाने और देश-विदेश से सवाई माधोपुर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए सवाई माधोपुर पुलिस दो महत्वपूर्ण पहल शुरू करने जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि एक पहल जिले के सभी थानों से आमजन के सीधे संपर्क को आसान बनाने से जुड़ी है, जबकि दूसरी पहल पर्यटकों की सहायता के लिए ऑल इंडिया टूरिस्ट हेल्पलाइन की है।

जिले के सभी थानों पर उपलब्ध सीयूजी और लैंडलाइन फोन नंबर आमजन के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य छोटी-छोटी जानकारी के लिए लोगों को बार-बार थाने जाने से राहत देना है। यदि किसी व्यक्ति का कोई परिवाद या मुकदमा लंबित है और उसे उसकी स्थिति की जानकारी लेनी है, थानाधिकारी या जांच अधिकारी से संपर्क करना है अथवा मामले से संबंधित कोई अन्य साक्ष्य उपलब्ध करवाना है, तो वह संबंधित थाने के सीयूजी अथवा लैंडलाइन नंबर पर संपर्क कर सकेगा।

पुलिस अधीक्षक सुश्री मैत्रेयी ने बताया कि इन नंबरों पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संपर्क किया जा सकेगा। उन्होंने आमजन से इन नंबरों को अपने पास सुरक्षित रखने की अपील की है।

यदि किसी व्यक्ति को थाने के सीयूजी या लैंडलाइन नंबर पर उचित रिस्पॉन्स नहीं मिलता है, तो वह इसकी शिकायत जिला पुलिस के डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम नंबर 07462-222999 पर कर सकता है। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच संपर्क को अधिक सुगम बनाना तथा सामान्य जानकारी और लंबित मामलों से संबंधित छोटी-छोटी जरूरतों के लिए लोगों की परेशानी कम करना है।

सवाई माधोपुर पुलिस की दूसरी पहल टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर 07462-251251 है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 1 अक्टूबर से टूरिस्ट सीजन शुरू होने जा रहा है और देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक सवाई माधोपुर एवं रणथंभौर पहुंचते हैं।

कई बार पर्यटकों को सवाई माधोपुर पहुंचने, पर्यटन स्थलों की जानकारी लेने या अन्य व्यवस्थाओं को लेकर परेशानी होती है। इसके अलावा सफारी बुकिंग, होटल बुकिंग अथवा अन्य मामलों में धोखाधड़ी की स्थिति भी सामने आ सकती है। ऐसी परिस्थितियों में पर्यटक सीधे 07462-251251 पर संपर्क कर सकेंगे।

सवाई माधोपुर आने की योजना बना रहे लोग यात्रा से पहले भी टूरिस्ट हेल्पलाइन से जानकारी ले सकेंगे। सुश्री मैत्रेयी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को यह जानकारी नहीं है कि सवाई माधोपुर कैसे पहुंचना है, कहां जाना है या किसी अन्य विषय को लेकर कोई शंका है, तो वह टूरिस्ट हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकता है। पुलिस की ओर से आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि इन दोनों पहलों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि आमजन के साथ-साथ देशभर से सवाई माधोपुर आने वाले पर्यटक भी इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें। लंबित परिवाद और मुकदमों की जानकारी से लेकर पर्यटकों की सहायता तक, दोनों हेल्पलाइन व्यवस्थाएं पुलिस और लोगों के बीच संपर्क को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही हैं।

Tags: