तस्वीर में जयपुर के एसएमएस साइकिलिंग वेलोड्रोम ट्रैक पर साइकिल चलाते हुए रेलवे चैम्पियनशिप के प्रतिभागी खिलाड़ी नजर आ रहे हैं।

63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइक्लिंग चैम्पियनशिप-2026 में उत्तर पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया। जयपुर के एसएमएस साइकिलिंग वेलोड्रोम में 22 से 24 सितम्बर तक आयोजित हो रही इस चैम्पियनशिप का आयोजन उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन जयपुर द्वारा किया जा रहा है।

चैम्पियनशिप के दूसरे दिन 23 सितम्बर को 1000 मीटर टाइम ट्रायल, 4 किलोमीटर इंडिविजुअल परस्यूट तथा स्प्रिंट की विभिन्न चरणों की स्पर्धाएं आयोजित हुईं। 1000 मीटर टाइम ट्रायल में उत्तर पश्चिम रेलवे के मुकेश कस्वां ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया और दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस स्पर्धा में नॉर्दर्न रेलवे के देवेंद्र बिश्नोई ने प्रथम तथा साउथ वेस्टर्न रेलवे के वेंकप्पा के. ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मेन्स एलीट स्प्रिंट क्वालिफाइंग में भी उत्तर पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने प्रभावी प्रदर्शन किया। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजय कुमार ने चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवराम चौधरी पांचवें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में साउथ ईस्टर्न रेलवे के अमीर रियाज प्रथम, नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के एसो द्वितीय तथा सेंट्रल रेलवे के अथर्व अशोक पाटिल तीसरे स्थान पर रहे।

4 किलोमीटर व्यक्तिगत परस्यूट प्रतिस्पर्धा में उत्तर रेलवे के नीरज ने प्रथम स्थान, दक्षिण पश्चिम रेलवे के वेंकप्पा कॅगलगट्टी ने द्वितीय स्थान एवं मध्य रेलवे के सुशांत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

स्प्रिंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में भी उत्तर पश्चिम रेलवे की उपस्थिति रही। अजय कुमार ने साउथ ईस्टर्न रेलवे के अमीर रियाज के विरुद्ध सेमीफाइनल मुकाबले में हिस्सा लिया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के एसो और सेंट्रल रेलवे के अथर्व अशोक पाटिल के बीच मुकाबला हुआ। उपलब्ध परिणामों के अनुसार अमीर रियाज और एसो ने क्वालीफाई किया।

03 दिवसीय इस चैम्पियनशिप का समापन 24 सितम्बर को होगा। गुरूवार को 20 किलोमीटर पॉइंट रेस, केरिन रेस और महिला स्प्रिंट रेस की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित होगी। इसके बाद चैम्पियनशिप का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबन्धक श्री पंकज शर्मा द्वारा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएगे।

Tags: