भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 25 सितंबर को जयपुर में, पंचायत चुनाव अभियान का करेंगे आगाज
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 25 सितंबर को जयपुर आएंगे। अल्बर्ट हॉल में स्वच्छता सेवा कार्यक्रम, दादिया में निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन और 90 प्रचार रथों के साथ पंचायत चुनाव अभियान का शुभारंभ करेंगे।
तस्वीर में बाएं से दाएं: भाजपा नेता नितिन नवीन और अन्य नेता जयपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 25 सितंबर को जयपुर आएंगे। इस दौरान वे निकाय चुनाव में भाजपा की जीत के अवसर पर आयोजित विजयी पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के स्वागत-अभिनंदन समारोह को संबोधित करेंगे। पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने यह जानकारी दी।
श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि नितिन नवीन 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सुबह 7:30 बजे जयपुर के अल्बर्ट हॉल में आयोजित स्वच्छता सेवा कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती भी है। इस अवसर पर बगरू के गांव दादिया में सुबह 11 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म जयंती पर विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनाव में विजयी हुए भाजपा पार्षदों और प्रत्याशी रहे नेताओं का स्वागत समारोह रखा गया है।
इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ पार्टी के सभी जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी और 50 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस समारोह को संबोधित करेंगे।
श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि नितिन नवीन दादिया से ही भाजपा के पंचायत चुनाव अभियान का शुभारंभ करेंगे। वे यहां से 90 प्रचार रथों को रवाना करेंगे। ये प्रचार रथ प्रदेश के पंचायत चुनाव के लिए हर पंचायत तक पहुंचेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की डबल इंजन सरकारों के लोक कल्याण के कार्यों और ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं व उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाएंगे।
इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दोपहर 2:30 बजे बिरला ऑडिटोरियम, स्टेच्यु सर्किल, जयपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वे युवाओं से संवाद करेंगे और वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर अपने विचार साझा करेंगे।
श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि सभी कार्यक्रमों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित प्रदेश के प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे। नितिन नवीन के जयपुर दौरे में निकाय चुनाव के बाद संगठनात्मक गतिविधियों के साथ आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों पर भी पार्टी का फोकस रहेगा।