राजस्थान: सीकर में स्विफ्ट कार से 41 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
सीआईडी क्राइम ब्रांच ने बलारा थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर 21 लाख रुपये मूल्य का अवैध गांजा जब्त किया, मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
सीकर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी राकेश कुमार।
जयपुर। राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीकर जिले के बलारा थाना क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार से 41 किलो 510 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से झुंझुनूं जिले के खिरोड़ निवासी आरोपी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में इस तस्करी के पीछे विकास कुमार धींवा का नाम सामने आया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम ने यह कार्रवाई की। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सक्रिय हार्डकोर बदमाशों, इनामी अपराधियों और अवैध मादक पदार्थ एवं हथियार तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार, 11 नवंबर की देर रात यह कार्रवाई की गई।
महानिरीक्षक पुलिस सीआईडी (अपराध) के.बी. वंदना के मार्गदर्शन, उपमहानिरीक्षक पुलिस दीपक भार्गव के सुपरविजन और उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह एवं कुलदीप सिंह की टीम को आसूचना संकलन के लिए सीकर और फतेहपुर क्षेत्र में भेजा गया था। इसी दौरान हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि स्विफ्ट कार नंबर RJ 18 CF 2905 में संदिग्ध सामान लेकर सीकर से लक्ष्मणगढ़ होते हुए झुंझुनूं की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम ने एसपी सीकर संजीव नैन से समन्वय किया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल और सीओ लक्ष्मणगढ़ जाकिर अख्तर के पर्यवेक्षण में सीआईडी सीबी की टीम ने बलारा थानाधिकारी और पुलिस जाप्ते के साथ संयुक्त कार्रवाई की। लक्ष्मणगढ़ की ओर से आ रही संदिग्ध स्विफ्ट कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार को लहराते हुए भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर काफी मशक्कत के बाद कार रुकवा ली।
कार रुकने के बाद चालक ने उसे लॉक कर दिया और दरवाजे खोलने से इनकार कर दिया। उसने दोबारा कार भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। इसके बाद सीओ लक्ष्मणगढ़ अख्तर की मौजूदगी में बलारा थानाधिकारी और पुलिस जाप्ते ने कार की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के पास रखे पीले कट्टे से 16 किलो 370 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जबकि कार की डिग्गी में रखे सफेद कट्टे से 25 किलो 140 ग्राम गांजा मिला। दोनों कट्टों में गांजे के कुल 20 पैकेट रखे हुए थे। इस तरह पुलिस ने कुल 41 किलो 510 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया। मामले में पुलिस थाना बलारा, जिला सीकर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण का अनुसंधान पुलिस थाना दादिया के थानाधिकारी संजय पूनिया कर रहे हैं।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार ने बताया कि गांजा और कार उसके साथी विकास कुमार धींवा निवासी सेवापुरा, खिरोड़ की है। आरोपी के अनुसार विकास कुमार कुछ दूरी पहले ही कार से उतर गया था और उसने आगे पहुंचकर फोन करने पर वापस आने की बात कही थी। पुलिस को विकास कुमार के बड़े स्तर पर मादक पदार्थों का कारोबार करने की जानकारी मिली है। अब पुलिस उसकी तलाश के साथ ही गांजे की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह और कुलदीप सिंह की आसूचना संकलन, विशेष प्रयासों एवं तकनीकी भूमिका अहम रही। उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार ने टीम का नेतृत्व किया। इसके अलावा बलारा थानाधिकारी कैलाशचन्द, एएसआई पूरण सिंह एवं रोहिताश, हेड कांस्टेबल श्रीराम तथा कांस्टेबल हिम्मत सिंह, तनवीर, सुरेश, निरंजन, जयसिंह, महेश कुमार और कांस्टेबल चालक रविप्रकाश का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। करीब 21 लाख रुपये मूल्य के गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस अब फरार बताए जा रहे विकास कुमार और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।