राजस्थान पुलिस का 16 जुलाई तक विशेष अभियान शुरू, पहले दिन 18,477 यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

राजस्थान पुलिस ने 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक राज्यव्यापी विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। पहले ही दिन 18,477 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, अवैध पार्किंग और लेन अनुशासन तोड़ने वालों पर सख्ती के बीच जानिए अभियान की पूरी जानकारी।

Update: 2026-07-03 13:09 GMT

राजस्थान पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी एक बाजार क्षेत्र में स्थानीय लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए।

जयपुर, 3 जुलाई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और अनुशासित बनाने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस ने राज्यव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू कर दिया है। 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

यह विशेष अभियान महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक पुलिस प्रशिक्षण एवं यातायात श्री अनिल पालिवाल के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है। राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस उपायुक्तों को अभियान के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के तहत “बिना हेलमेट नहीं सफर”, चालक एवं सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य तथा “आईएसआई मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन” जैसे संदेशों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग यातायात नियमों का पालन करें और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

विशेष अभियान के पहले दिन 2 जुलाई को प्रदेशभर में कुल 18,477 प्रवर्तन कार्रवाइयाँ की गईं। इनमें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 7,104 चालकों, तेज गति से वाहन चलाने वाले 5,133 चालकों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले 3,082 वाहन चालकों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (6-लेन/एक्सप्रेस-वे) पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले 3,158 वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और सहयात्री दोनों हेलमेट अवश्य पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सड़क पर वाहन खड़ा करने के लिए केवल अधिकृत स्थानों का उपयोग करें तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन बनाए रखें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सबसे प्रभावी माध्यम है।

Tags:    

Similar News