राजस्थान आवासन बोर्ड कर्मचारियों की गेट मीटिंग में 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

राजस्थान आवासन बोर्ड कर्मचारी संघ ने 21 सूत्रीय मांग पत्र आवासन आयुक्त को सौंपते हुए भर्ती, आवासीय योजनाओं और अतिक्रमण हटाने सहित कई मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।

Update: 2026-07-03 11:33 GMT

तस्वीर में बाएं से दाएं, राजस्थान आवासन बोर्ड कर्मचारी संघ के पदाधिकारी कार्यालय में आवासन आयुक्त अरविन्द पोसवाल को 21 सूत्रीय मांग पत्र का दस्तावेज सौंपते हुए।

राजस्थान आवासन बोर्ड कर्मचारियों ने जमीन अवाप्ति, मण्डल की भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण हटाने तथा मण्डल में नवीन आवासीय योजनाएं लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार, 01.07.2026 को आवासन मण्डल मुख्यालय पर गेट मीटिंग आयोजित की। राजस्थान आवासन बोर्ड कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदेशाध्यक्ष मोहन सिंह के नेतृत्व में भोजनावकाश के दौरान मुख्यालय प्रांगण, जनपथ, ज्योति नगर में आयोजित आम सभा के बाद आवासन आयुक्त को 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।

संघ के महासचिव रमेश चन्द शर्मा एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविन्द नाटाणी ने बताया कि मण्डल द्वारा वी टी रोड पर निर्माण कराए जा रहे सिटी पार्क के लिए काम में ली गई भूमि के बदले राज्य सरकार से भूमि लेने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही मण्डल में विज्ञापनों, टैक्सियों आदि पर हो रहे अत्यधिक व्यय पर अंकुश लगाने, लागत सिद्धांत को पूर्ववत रखने तथा मण्डल को अपनी स्थापना के मूल उद्देश्यों की प्राप्ति के अनुरूप कार्य करने की मांग भी रखी गई।

मांग पत्र में कर्मचारियों के लिए रेंटल आवासीय योजना लागू करने, आम जनता के लिए प्रदेशभर में अल्प आय वर्ग एवं मध्यम आय वर्ग के आवासों की किश्तों में योजनाएं लागू करने तथा सामान्य पंजीकरण योजना शुरू करने की मांग शामिल रही। संघ ने प्रशासनिक शुल्क में विशेष वर्ग को दी जा रही रियायत का विरोध करते हुए प्रशासनिक शुल्क में वृद्धि करने की भी मांग की।

संघ ने मण्डल में स्वीकृत 1583 पदों के विरुद्ध रिक्त चल रहे 983 पदों पर सीधी भर्ती करने, स्टाफिंग पैटर्न लागू करने तथा वर्ष 2004 के बाद नियुक्त कार्मिकों को अन्य कर्मचारियों की भांति चिकित्सा बिलों के पुनर्भरण की सुविधा उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 21 सूत्रीय मांग पत्र निर्णयार्थ मण्डल प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया।

प्रदेशाध्यक्ष मोहन सिंह के नेतृत्व में कार्यकारी अध्यक्ष दारा सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविन्द नाटाणी, उपाध्यक्ष रोहित सिंह, महासचिव रमेश चन्द शर्मा, संयुक्त महासचिव मनुज ठाकुर, मो. युसुफ खान, कोषाध्यक्ष महेश शर्मा, खेल सचिव मधुर मलिक, परामर्श सचिव विजय सिंह, महिला सचिव सुश्री नेहा फोजदार, प्रचार सचिव जिनेश शर्मा तथा कार्यालय सचिव आनन्द सिंह ने राजस्थान आवासन मण्डल के आवासन आयुक्त श्री अरविन्द पोसवाल को संघ का 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

संघ द्वारा भावी रूपरेखा तय करने के लिए आयोजित गेट मीटिंग में यह निर्णय भी लिया गया कि यदि समय रहते मण्डल प्रशासन द्वारा मांग पत्र पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

बैठक को प्रदेशाध्यक्ष मोहन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष दारा सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविन्द नाटाणी, उपाध्यक्ष रोहित सिंह, महासचिव रमेश चन्द शर्मा, संयुक्त महासचिव मनुज ठाकुर, मो. युसुफ खान, कोषाध्यक्ष महेश शर्मा, खेल सचिव मधुर मलिक, परामर्श सचिव विजय सिंह, महिला सचिव सुश्री नेहा फोजदार, प्रचार सचिव जिनेश शर्मा, कार्यालय सचिव आनन्द सिंह, मुख्यालय अध्यक्ष अनूप मिश्रा, शाखा अध्यक्ष वृत्त प्रथम धनश्याम मीणा, वृत्त द्वितीय विनोद शर्मा तथा वृत्त तृतीय पुष्पेन्द्र मीणा ने संबोधित किया। बैठक में कर्मचारियों ने अपनी मांगों के शीघ्र समाधान पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि समय पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलनात्मक कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

Tags:    

Similar News