राज्यपाल बागडे ने दिए नशामुक्त राजस्थान अभियान के निर्देश, विश्वविद्यालय गोद लेंगे गांव
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने नशामुक्त राजस्थान के लिए विश्वविद्यालयों को गोद लिए गांवों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
लोकभवन राजस्थान में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक की अध्यक्षता करते हुए।
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने राजस्थान में नशामुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश के विश्वविद्यालयों को व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों द्वारा गोद लिए गए गांवों को नशामुक्त किए जाने की दिशा में ठोस पहल करने और नशे की अधिकता वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष कार्रवाई करने पर जोर दिया।
राज्यपाल श्री बागडे ने बुधवार को लोकभवन, राजस्थान से प्रदेश के विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री कुलदीप रांका भी उपस्थित रहे।
कुलगुरुओं से संवाद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों के आसपास मादक पदार्थ बेचने वाले लोगों की पहचान की जाए। उन्होंने मादक पदार्थों की बिक्री और युवाओं को नशे की लत लगाने में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों द्वारा गांव गोद लेकर उनके विकास के लिए किए जाने वाले कार्यों में ‘नशामुक्त गांव’ की सोच को भी शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि गांवों में जाकर वहां के प्रतिष्ठित लोगों से संवाद करें और नशा करने वाले लोगों तथा नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने वालों पर नजर रखते हुए पुलिस विभाग के सहयोग से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
श्री बागडे ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नशामुक्त भारत के लिए देशवासियों को किए गए आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों को ‘माई भारत पोर्टल’ पर अधिक से अधिक पंजीकरण के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने बताया कि ‘नशामुक्त भारत अभियान’ को ‘माय भारत पोर्टल’ के माध्यम से क्रियान्वित करने के लिए सौ सप्ताह का कार्यक्रम चलाया जाएगा।
उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर नशामुक्त भारत अभियान के तहत जन जागरूकता के लिए रैलियां, कार्यशालाएं और प्रचार अभियान आयोजित करने सहित प्रभावी गतिविधियों के संचालन के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री कुलदीप रांका ने ‘नशामुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के स्तर पर की जाने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राज्यपाल के निर्देशों के बाद विश्वविद्यालयों की भूमिका नशामुक्त समाज निर्माण की दिशा में और अधिक सक्रिय किए जाने पर जोर दिया गया।