तस्वीर में कूकस में कुएं के पास रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते सिविल डिफेंस के सदस्य।   

जयपुर जिले के कूकस क्षेत्र में बुधवार को 90 फीट गहरे सूखे कुएं में फंसे चार लोगों को नागरिक सुरक्षा विभाग के सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कच्चे कुएं में दीवारें धंसने की आशंका के बीच चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन को तकनीकी सावधानी और क्रेन की सहायता से पूरा किया गया।

उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अमित शर्मा ने बताया कि दोपहर में कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम कूकस में एक पुरुष एवं एक महिला करीब 90 फीट गहरे सूखे कुएं में गिर गए हैं। दोनों को बाहर निकालने के प्रयास में दो अन्य व्यक्ति भी कुएं में उतरे, लेकिन वे भी नीचे जाकर फंस गए और वापस बाहर नहीं निकल सके।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीक्यूआरटी टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। कुएं की संरचना कच्ची होने के कारण बचाव अभियान अत्यंत चुनौतीपूर्ण था। कुएं की दीवारों के धंसने की आशंका को देखते हुए टीम ने अत्यधिक सावधानी और तकनीकी सूझबूझ के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। बचाव कार्य में क्रेन की सहायता भी ली गई।

उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा अमित शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू किए गए चार लोगों में से एक महिला और एक पुरुष की स्थिति गंभीर थी। दोनों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। वहीं, अन्य दो व्यक्तियों को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।

जयपुर जिले में नागरिक सुरक्षा एवं सिविल डिफेंस की टीमें पूर्व में भी विभिन्न दुर्घटनाओं और आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य संचालित कर अनेक लोगों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं।

घटना का सुपरविजन जिला कलेक्टर एवं नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा द्वारा किया गया। एडीएम साउथ के मार्गदर्शन में राहत एवं बचाव कार्य को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अमित शर्मा के नेतृत्व में स्वयंसेवक आसिफ खान, साकिब, निक्की, अफजल, युवराज, लक्ष्मण सिंह सहित सिविल डिफेंस टीम के अन्य सदस्यों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। कूकस के इस घटनाक्रम में सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की तत्परता और आपदा प्रबंधन कौशल के चलते चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

Tags: