झालावाड़ पुलिस ने पुराने सिक्कों के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपियों को बिहार से पकड़ा।

झालावाड़। पुराने और दुर्लभ सिक्कों को लाखों रुपये में खरीदने का लालच देकर एक 56 वर्षीय महिला को साइबर ठगी के जाल में फंसाने और फिर फर्जी पुलिस नोटिस, एआई से तैयार डरावने फोटो-वीडियो तथा परिवार को गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकियों से ब्लैकमेल करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का झालावाड़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। लगातार आर्थिक शोषण और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या कर ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिहार में करीब 1500 किलोमीटर दूर तक कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बालक और एक बालिका को निरुद्ध किया गया है।

झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सुभाष कॉलोनी, झालावाड़ निवासी मधुबाला ठाकुर को साइबर ठगों ने पुराने और दुर्लभ सिक्के लाखों रुपये में खरीदने का झांसा दिया था। शुरुआत में छोटी रकम लेने के बाद आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे लगातार धनराशि वसूलनी शुरू कर दी। जब महिला ने आर्थिक असमर्थता जताते हुए अपने पैसे वापस मांगे, तो गिरोह ने उन्हें डराने और ब्लैकमेल करने का सिलसिला शुरू कर दिया। महिला को न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया, बल्कि उनके बेटे को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने और उसकी जान खतरे में डालने की धमकियां भी दी गईं। लगातार उत्पीड़न से आहत होकर 56 वर्षीय मधुबाला ठाकुर ने आत्महत्या कर ली।

इस मामले में मृतका की पुत्री कल्पना ठाकुर ने 1 नवंबर 2026 को पुलिस थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। प्रारंभ में आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। जांच के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों और डाटा से साइबर ठगी के तार बिहार से जुड़े होने का खुलासा हुआ। इसके बाद प्रकरण में जबरन वसूली, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द्र मीणा के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह खरेड़ा के निकटतम सुपरविजन में विशेष अनुसंधान दल गठित किया गया। टीम ने मृतका के मोबाइल फोन, बैंक खातों, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, यूपीआई क्यूआर कोड और कॉल डिटेल का बारीकी से विश्लेषण किया। विभिन्न बैंक खातों में हुए लेन-देन की कड़ियां जोड़कर संदिग्ध खाताधारकों और गिरोह के सदस्यों की पहचान की गई।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार में कार्रवाई की योजना बनाई गई और तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। थानाधिकारी बकानी हरि सिंह, थानाधिकारी रायपुर मोहनलाल और थानाधिकारी मण्डावर रोहित कुमार के नेतृत्व में टीमें बिहार रवाना हुईं। झालावाड़ पुलिस ने बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जिला पुलिस के विशेष सहयोग से 6 नवंबर 2026 को विभिन्न ठिकानों पर एक साथ योजनाबद्ध दबिश दी। इस कार्रवाई में गिरोह के मुख्य आरोपी अजीत यादव सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, अपराध में संलिप्त दो बालक और एक बालिका को निरुद्ध किया गया। आरोपियों के कब्जे से अपराध में संपर्क और लेन-देन के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल डिवाइस भी बरामद किए गए।

सभी गिरफ्तार आरोपियों को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर झालावाड़ लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया। छहों आरोपी तीन दिवस के पुलिस रिमांड पर हैं, जबकि विधि से संघर्षरत तीनों बालक-बालिकाओं को बाल संप्रेषण गृह में दाखिल करवाया गया है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुराने और दुर्लभ सिक्कों एवं नोटों को लाखों रुपये में खरीदने के आकर्षक विज्ञापन प्रसारित करता था। इसी विज्ञापन के झांसे में मधुबाला ठाकुर भी आ गईं। उनके मोबाइल फोन पर ‘RJGYANI OLD COIN COMPANY’ नाम से संपर्क स्थापित किया गया। शुरुआत में आरोपियों ने छोटी रकम ली और इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार पैसे मांगने लगे।

जब महिला ने रकम देने में असमर्थता जताई और अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। जांच के अनुसार, आरोपियों ने व्हाट्सएप पर एआई से तैयार डरावने फोटो और वीडियो भेजकर महिला को भयभीत किया। इनमें पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक की पिटाई का वीडियो, दुर्घटनाग्रस्त कार और घायल व्यक्ति की तस्वीरें तथा अस्पताल के नाम से तैयार फर्जी बिल शामिल थे। इन तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल इलाज तथा अन्य बहानों से अतिरिक्त धनराशि वसूलने के लिए किया गया।

गिरोह ने महिला को डराने के लिए पुलिस थाना झालावाड़ का एआई से तैयार फर्जी फोटो भी भेजा। इसमें महिला पुलिसकर्मियों के सामने 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी हुई दिखाई गई थीं। इसके अलावा दिल्ली पुलिस के नाम से फर्जी लेटरहेड और नोटिस तैयार कर भेजा गया, जिसमें महिला का नाम, पता और फोटो लगाकर 5.50 लाख रुपये की राशि जब्त होने की झूठी जानकारी दी गई थी।

आरोपियों ने महिला को यह धमकी भी दी कि उनके बेटे को गंभीर आपराधिक मामले में फंसा दिया जाएगा और उसकी जान खतरे में पड़ सकती है। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी अजीत यादव सहित दो विधि से संघर्षरत बालक-बालिका द्वारा वॉयस कॉल और वॉयस नोट के माध्यम से महिला को डराने-धमकाने के तथ्य सामने आए हैं। लगातार आर्थिक नुकसान, कर्ज और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियों ने महिला को गंभीर मानसिक दबाव में डाल दिया था।

एसआईटी ने मृतका के एचडीएफसी और एसबीआई बैंक खातों का गहन विश्लेषण कर ठगी के नेटवर्क की परतें खोलीं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई क्यूआर कोड के जरिए महिला से कई किस्तों में रकम ट्रांसफर करवाई थी। रंजू देवी के पीएनबी खाते में 64 ट्रांजेक्शन के माध्यम से 2,36,715 रुपये, सतीश कुमार के एसबीआई खाते में 24 ट्रांजेक्शन के जरिए 1,03,481 रुपये और मंजू देवी के एसबीआई खाते में 12 ट्रांजेक्शन के माध्यम से 36,501 रुपये ट्रांसफर होना पाया गया। इसी तरह खुशबू कुमारी के आईपीपीबी खाते में भी संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए।

राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर संबंधित खातों की जांच में सतीश कुमार के खाते के विरुद्ध पहले से 13, मंजू देवी के खाते के विरुद्ध 9 तथा रंजू देवी के खाते के विरुद्ध 2 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज मिलीं। इन शिकायतों से संबंधित बैंक खातों के जरिए पहले भी साइबर ठगी की गतिविधियां संचालित होने के संकेत मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में आरती कुमारी पत्नी विमलेश कुमार भकत, उम्र 26 वर्ष, निवासी जिला सहरसा, बिहार; मंजू देवी पत्नी मनोजदास तांती, उम्र 35 वर्ष, निवासी जिला खगड़िया, बिहार; अजीत कुमार पुत्र प्रमोद यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी जिला मधेपुरा, बिहार; सतीश कुमार उगणा पुत्र दशरथ राम उगणा, उम्र 19 वर्ष, निवासी जिला मधेपुरा, बिहार; रंजू देवी पत्नी प्रमोद कुमार यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी जिला मधेपुरा, बिहार; और खुशबू पत्नी नितेश, उम्र 19 वर्ष, निवासी जिला मधेपुरा, बिहार शामिल हैं। इनके अतिरिक्त दो विधि से संघर्षरत बालक और एक बालिका को निरुद्ध किया गया है।

झालावाड़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के या नोट लाखों-करोड़ों रुपये में खरीदने के दावों वाले विज्ञापनों पर भरोसा न करें। किसी वस्तु की खरीद-बिक्री के नाम पर रजिस्ट्रेशन शुल्क, जीएसटी, कूरियर, लीगल फीस या आरबीआई अप्रूवल के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजें। पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य जांच एजेंसियां व्हाट्सएप अथवा वीडियो कॉल पर किसी को गिरफ्तार नहीं करतीं और न ही केस खत्म करने के नाम पर ऑनलाइन धनराशि मांगती हैं। ऐसे फर्जी नोटिस, वीडियो और धमकियों से भयभीत नहीं होने की सलाह देते हुए पुलिस ने साइबर ठगी, ब्लैकमेलिंग अथवा ऑनलाइन धमकी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाने को कहा है।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली, रायपुर, बकानी, मण्डावर, रटलाई, सदर, साइबर सेल, साइबर थाना एवं वृत्त कार्यालय झालावाड़ की पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में तकनीकी टीम के साथ बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जिला पुलिस का विशेष सहयोग रहा। पुराने सिक्कों की खरीद के नाम पर शुरू हुई ठगी किस तरह फर्जी पुलिस दस्तावेजों, एआई से तैयार तस्वीरों और वीडियो तथा परिवार को फंसाने की धमकियों के जरिए गंभीर मानसिक उत्पीड़न में बदल गई, इसका खुलासा इस कार्रवाई से हुआ है।

Tags: