जयपुर में पहली बार रूफटॉप फार्मिंग और किचन गार्डनिंग का प्रायोगिक प्रशिक्षण, 7 अगस्त तक करें आवेदन

जयपुर के अंतरराष्ट्रीय उद्यानिकी नवाचार एवं प्रशिक्षण संस्थान (IHITC), दुर्गापुरा में 22 और 23 अगस्त 2026 को पहली बार रूफटॉप फार्मिंग एवं किचन गार्डनिंग का प्रायोगिक प्रशिक्षण आयोजित होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 7 अगस्त है। जानिए शुल्क, पात्रता और प्रशिक्षण की प्रमुख जानकारी।

Update: 2026-07-30 12:50 GMT

तस्वीर में जयपुर स्थित संस्थान के छत पर बने बगीचे में विशेषज्ञ और प्रतिभागी रूफटॉप फार्मिंग और किचन गार्डनिंग का प्रायोगिक प्रशिक्षण लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जयपुर में शहरी नागरिकों को सुरक्षित, रसायनमुक्त और ताजी सब्जियों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में अंतरराष्ट्रीय उद्यानिकी नवाचार एवं प्रशिक्षण संस्थान (IHITC), दुर्गापुरा द्वारा पहली बार रूफटॉप फार्मिंग एवं किचन गार्डनिंग विषय पर दो दिवसीय प्रायोगिक (प्रैक्टिकल आधारित) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 22 एवं 23 अगस्त 2026 (शनिवार एवं रविवार) को आयोजित होगा।

30 जुलाई को जारी जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को अपने घर की छत, बालकनी या सीमित स्थान में जैविक एवं रसायनमुक्त सब्जियों का उत्पादन करने की तकनीकों से परिचित कराना है, ताकि परिवारों को सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सके और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रूफटॉप गार्डन की स्थापना, किचन गार्डन की वैज्ञानिक तकनीक, जैविक पोषण प्रबंधन, प्राकृतिक कीट एवं रोग नियंत्रण, मौसमी सब्जियों की उन्नत खेती तथा पौधों की देखभाल से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान में आवेदन पत्र भरकर प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं। आवासीय प्रशिक्षण शुल्क 4,000 रुपये तथा गैर-आवासीय प्रशिक्षण शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। आवासीय प्रतिभागियों के लिए ठहरने, जलपान एवं भोजन की समुचित व्यवस्था संस्थान की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को पूर्णतः प्रायोगिक अभ्यास कराया जाएगा। प्रशिक्षण के समापन पर परीक्षा आयोजित होगी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

एक बैच में अधिकतम 50 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति आवेदन पत्र IHITC कार्यालय, दुर्गापुरा, जयपुर से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय समय में मोबाइल नंबर 8432231322 पर संपर्क कर सकते हैं। सीमित स्थान का उपयोग कर स्वस्थ, सुरक्षित और जैविक सब्जियों का उत्पादन सीखने के इच्छुक शहरी नागरिकों के लिए यह प्रशिक्षण एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News