जयपुर, 26 सितम्बर। नगर निगम चुनाव, 2026 के तहत नगर निगम जयपुर के उप महापौर पद के निर्वाचन की प्रक्रिया शनिवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रही। निर्वाचित सदस्यों की बैठक के बाद उप महापौर पद के लिए प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा शुरू कर दी गई है।

रिटर्निंग अधिकारी महापौर एवं उपमहापौर आम चुनाव 2026 आशीष कुमार ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचित सदस्यों की बैठक शनिवार सुबह 10 बजे नगर निगम मुख्यालय, लालकोठी, जयपुर में आयोजित हुई। इसके बाद उप महापौर पद के लिए नाम निर्देशन पत्र सुबह 10 बजे से 11 बजे तक प्रस्तुत किए गए।

उन्होंने बताया कि प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11.30 बजे से की जा रही है। संवीक्षा पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए अपराह्न 2 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

यदि निर्वाचन की आवश्यकता होती है तो उप महापौर पद के लिए मतदान अपराह्न 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की जाएगी। इस तरह नामांकन, संवीक्षा, नाम वापसी और आवश्यकता पड़ने पर मतदान के साथ उप महापौर निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है।

Tags: