जयपुर नगर निगम के उप महापौर पद के लिए शनिवार, 26 सितंबर को आयोजित चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती सरोज कंवर विजयी घोषित हुईं। नगर निगम जयपुर के सभासद भवन में हुई मतदान प्रक्रिया के बाद रिटर्निंग अधिकारी आशीष कुमार ने सरोज कंवर को उप महापौर पद पर निर्वाचित घोषित किया।

रिटर्निंग अधिकारी महापौर एवं उपमहापौर आम चुनाव 2026 ने बताया कि जयपुर नगर निगम में कुल 150 सदस्यों में से 149 सदस्य बैठक में उपस्थित रहे और उन्होंने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। मतदान के बाद हुई मतगणना में कुल 148 मत विधिमान्य पाए गए, जबकि 1 मत नोटा को मिला।

मतगणना में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती सरोज कंवर को सर्वाधिक 89 मत प्राप्त हुए। वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी आईएनसी के सलमान मंसूरी को 58 मत मिले। इस तरह सरोज कंवर ने 31 मतों के अंतर से उप महापौर पद पर जीत दर्ज की।

रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि राजस्थान नगरपालिका नियमों की अनुसूची-6 के नियम 87 के उप नियम (6) में अंतर्विष्ट प्रावधानों का अनुसरण करते हुए श्रीमती सरोज कंवर को जयपुर नगर निगम के उप महापौर पद पर विधिवत निर्वाचित घोषित किया गया। इसके साथ ही उन्हें निर्वाचन का प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया गया।

Tags: