जयपुर, कोटा और जोधपुर नगर निगमों में भाजपा के उपमहापौर निर्वाचित, श्रवण सिंह बगड़ी ने दी बधाई
जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों में भाजपा के उपमहापौर निर्वाचित हुए। जयपुर में सरोज कंवर ने कांग्रेस प्रत्याशी को 33 मतों से हराया, जबकि कोटा में विवेक राजवंशी निर्विरोध चुने गए।
तस्वीर में विजय सिंह पंवार खड़े हुए दिखाई दे रहे हैं.
जयपुर, 26 सितंबर 2026। जयपुर, कोटा और जोधपुर नगर निगमों में भाजपा के उपमहापौर निर्वाचित होने पर भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नगर निगमों में भाजपा के जनप्रतिनिधियों का भारी बहुमत के साथ निर्वाचित होना संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।
श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि जयपुर में सरोज कंवर, जोधपुर में विजय सिंह पंवार तथा कोटा में विवेक राजवंशी भाजपा के उपमहापौर निर्वाचित हुए हैं। जयपुर में सरोज कंवर ने कांग्रेस प्रत्याशी को 33 मतों से पराजित किया और वे जयपुर की पहली महिला उपमहापौर बनी हैं।
जोधपुर में विजय सिंह पंवार ने कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल करीम जॉनी को पराजित कर उपमहापौर पद हासिल किया। वहीं, कोटा में कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी नहीं उतारे जाने के कारण विवेक राजवंशी निर्विरोध उपमहापौर निर्वाचित हुए।
बगड़ी ने कहा कि भाजपा के नवनिर्वाचित महापौर, उपमहापौर, सभापति, अध्यक्ष और पार्षद अपने-अपने शहरों में विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी नवनिर्वाचित उपमहापौर अपने-अपने नगर निगम क्षेत्रों में जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए शहरों के समग्र विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सुशासन को प्राथमिकता देंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।