जयपुर में ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026: AI, रोबोट और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से सजेगा नर्सिंग नवाचार का मंच

जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में 5-6 सितंबर को आयोजित होने वाले ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026 में AI, ह्यूमनॉइड रोबोट, VR और आधुनिक नर्सिंग तकनीकों का लाइव प्रदर्शन होगा। भारत सहित लगभग 10 देशों के विशेषज्ञ और 5,000 नर्सिंग प्रोफेशनल्स इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे।

Update: 2026-07-31 06:47 GMT

तस्वीर में शासन सचिवालय, जयपुर में अधिकारी और समिति के सदस्य 'ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026' का पोस्टर थामे हुए नजर आ रहे हैं।

आधुनिक तकनीक एवं नवाचार को नई दिशा देने के उद्देश्य से नर्सिंग टीचर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं आर एच हेल्थकेयर के संयुक्त तत्वावधान में “ग्लोबल नर्सिंग समिट–2026” का आयोजन 5 एवं 6 सितंबर 2026 को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में किया जाएगा। सम्मेलन का पोस्टर विमोचन गुरुवार को शासन सचिवालय में प्रमुख शासन सचिव गायित्री राठौड़, नेशनल हेल्थ मिशन की अतिरिक्त परियोजना निदेशक टी सुमंगला तथा निदेशक अराजपत्रित राकेश शर्मा ने किया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राहुल शर्मा एवं सचिव पुरुषोत्तम कुंभज ने बताया कि दो दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन नर्सिंग क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन होगा। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ लगभग दस देशों के विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधकर्ता, अस्पताल प्रशासक तथा लगभग पांच हजार नर्सिंग प्रोफेशनल्स हाइब्रिड मोड पर भाग लेंगे।

सम्मेलन में रिसोर्स पर्सन के रूप में पीजीआई चंडीगढ़ नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुखपाल कौर, बेंगलुरु से प्रोफेसर डॉ. ए. क्लेमेंट, जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय से संस्थापक नर्सिंग डीन डॉ. मंजू चुगानी तथा अमृतसर से डॉ. अमनदीप कौर बाजिया शामिल होंगी। वहीं की-नोट स्पीकर के रूप में विश्व स्वास्थ्य संगठन की कंसलटेंट डॉ. राधा सैनी, बाबा फरीदकोट यूनिवर्सिटी की डीन डॉ. हरदीप कौर, ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सिंग फेडरेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रिंकी डांग, महासचिव अनीता के पवार, वर्ष 2008 की आतंकी घटना पर आधारित भारत भाग्य विधाता मूवी की रियल हीरो अंजली कुलथे, पद्म श्री अवार्ड से सम्मानित एकमात्र नर्स शांति, श्रीलंका से वारने कुलसुरैया, बांग्लादेश से नीरू सेमसन तथा टरकी से मैरियम यावुज सहित विभिन्न देशों के नर्सिंग स्कॉलर भाग लेंगे।

विज्ञप्ति के अनुसार सम्मेलन में प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ह्यूमनॉइड रोबोट, रोबोटिक डॉग, होलोग्राफिक डिस्प्ले, वर्चुअल रियलिटी (VR), हाई-फिडेलिटी सिमुलेशन तथा अत्याधुनिक नर्सिंग तकनीकों का लाइव अनुभव कराया जाएगा। रोबोट द्वारा अतिथियों का स्वागत, सीपीआर एवं स्वास्थ्य शिक्षा के विशेष प्रदर्शन, मेडिकल क्विज़ और इंटरैक्टिव टेक्नोलॉजी शो सम्मेलन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

समिट के पहले दिन शनिवार को अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय नर्सेज लीडर्स के साथ मुख्य समस्याओं पर लाइव पैनल डिस्कशन, शोध पत्र एवं पोस्टर प्रस्तुतिकरण आयोजित किया जाएगा। दूसरे दिन रविवार को मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण, विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान, हेल्थकेयर की आधुनिक टेक्नोलॉजी पर प्रदर्शनी तथा उत्कृष्ट नर्सिंग प्रोफेशनल्स का सम्मान किया जाएगा। सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को दस सीएनई क्रेडिट हॉर्स भी प्रदान किए जाएंगे।

गुरुवार को आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में डॉ. मनोज शर्मा, डॉ. विष्णु स्वर्णकार, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, रश्मि रानी, जे. पी. कस्वां तथा महिपाल सामोता भी उपस्थित रहे। यह सम्मेलन नर्सिंग शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञता को एक साझा मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News