1 अगस्त को जयपुर में गूंजेंगे कृष्ण भजन, गुप्त वृन्दावन धाम आयोजित करेगा अनुराधा पौडवाल का लाइव कॉन्सर्ट
1 अगस्त को जयपुर के मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडीटोरियम में गुप्त वृन्दावन धाम द्वारा पद्मश्री अनुराधा पौडवाल का कृष्ण भजनों से सजा लाइव कॉन्सर्ट आयोजित होगा।
तस्वीर में अनुराधा पौडवाल मंच पर प्रस्तुति देती हुई दिखाई दे रही हैं।
गुलाबी नगरी जयपुर में 1 अगस्त की शाम कृष्ण भजनों के नाम होने जा रही है। गुप्त वृन्दावन धाम की ओर से पद्मश्री अनुराधा पौडवाल का लाइव कॉन्सर्ट आयोजित किया जा रहा है। मशहूर गायिका की लाइव प्रस्तुति देखने और सुनने के लिए पूरे जयपुर से लोगों के जुड़ने की उम्मीद है।
यह कॉन्सर्ट मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडीटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अनुराधा पौडवाल अपने प्रसिद्ध कृष्ण भजनों की प्रस्तुति देंगी और अपनी सुरीली आवाज़ से आध्यात्मिक वातावरण का सृजन करेंगी।
अनुराधा पौडवाल को भजन क्वीन के रूप में जाना जाता है। उन्होंने देश की अलग-अलग भाषाओं में 9000 से भी अधिक गीत गाए हैं। उनके मनमोहक कृष्ण भजनों को सुनने के लिए जयपुर के श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों में विशेष उत्साह है।
पद्मश्री अनुराधा पौडवाल राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गायिका हैं और पिछले 40 वर्षों से संगीत जगत में सक्रिय हैं। बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगिंग के बाद उन्होंने अपना पूरा समय भजन और श्लोकों को समर्पित किया तथा अब तक सैकड़ों भक्ति एल्बम रिलीज़ कर चुकी हैं।
गुप्त वृन्दावन धाम द्वारा आयोजित इस लाइव कॉन्सर्ट में अनुराधा पौडवाल अपनी सुरीली आवाज़ के जादू से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी और दीप स्मृति ऑडीटोरियम की फ़िज़ा को कृष्ण भजनों और सुरों की मधुर लहरियों से आध्यात्मिक रंग में सराबोर करेंगी।