तस्वीर में सड़क किनारे ठेले के पास अधिकारी और पुलिसकर्मी कार्रवाई करते दिख रहे हैं।

नोहर में आम सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर दुकानों का सामान रखकर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ नगरपालिका प्रशासन ने बुधवार, 7 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया। नगरपालिका कार्यालय से रेलवे स्टेशन तक मुख्य मार्ग पर पालिका की टीम ने कार्रवाई करते हुए दुकानों के आगे सड़क पर रखे सामान और रेहड़ियों को हटवाया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर सामान रखकर कारोबार करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान नगरपालिका कर्मचारियों ने दुकानदारों द्वारा सड़क और सार्वजनिक रास्ते पर रखे गए विभिन्न सामान को हटाया। सड़क पर खड़ी रेहड़ियों और दुकानों का सामान हटवाकर आवागमन के लिए रास्ता खाली कराया गया। पालिका प्रशासन ने दुकानदारों को सड़क की सीमा में अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी।

कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने मौके पर ही अपना सामान दुकानों के अंदर कर लिया। नगरपालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क पर सामान रखकर रास्ता बाधित करने से आम लोगों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।

पालिका प्रशासन ने दुकानदारों से अपनी दुकान की निर्धारित सीमा में ही सामान रखने और सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। प्रशासन ने चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क पर दोबारा सामान या रेहड़ी लगाकर अतिक्रमण किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आम सड़क पर रखे गए होडिंग और अन्य सामान नगरपालिका दस्ते द्वारा जब्त भी किए गए। पालिका प्रशासन ने संकेत दिए कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Tags: