नोहर महाविद्यालय में आत्मरक्षा प्रशिक्षण के दौरान महिला सुरक्षा एप की जानकारी देती प्रशिक्षक।

नोहर, 7 अक्टूबर। श्रीमती नरबदा देवी बिहानी राजकीय महाविद्यालय, नोहर में चल रहे 24 दिवसीय रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे एवं पांचवें दिन छात्राओं को महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कालिका पेट्रोलिंग ग्रुप की महिला स्क्वाड ने छात्राओं को पुलिस सुरक्षा सेवाओं और राजकॉप सिटीजन एप की जानकारी दी, वहीं आत्मरक्षा के दांव-पेंचों का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

प्रशिक्षण के चौथे दिन प्रशिक्षिका श्रीमती सुमन के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग ग्रुप की महिला स्क्वाड को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। महिला स्क्वाड ने छात्राओं को राजकॉप सिटीजन एप के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए एप के उपयोग और महिला सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान छात्राओं ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुरक्षा संबंधी चिंताएं महिला स्क्वाड के सामने रखीं। स्क्वाड ने छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके संभावित समाधान बताए। साथ ही कालिका पेट्रोलिंग ग्रुप की भूमिका, कार्यप्रणाली और आवश्यकता पड़ने पर उससे सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के पांचवें दिन प्रशिक्षिका श्रीमती इंदिरा देवी ने छात्राओं को दैनिक जीवन में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपाय बताए। यात्रा के दौरान, घर पर और सार्वजनिक स्थानों पर स्वयं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। विपरीत परिस्थितियों में आत्मरक्षा के लिए विभिन्न दांव-पेंच एवं तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया और छात्राओं से उनका व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज कुमारी ने छात्राओं से प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण छात्राओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. एकता देवी के निर्देशन में प्रशिक्षण लगातार जारी है। इस अवसर पर श्रीमती सुमन, सुश्री मनजिंद्र, सुश्री सुप्रिया सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लेकर आत्मरक्षा तकनीकों एवं महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

Tags: