नोहर के श्री बालकृष्ण बिहानी स्टेडियम में 28 और 29 नवंबर को जिला स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर की महिला फुटबॉल टीमें मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर हनुमानगढ़ जिले की 18 सदस्यीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम का चयन किया जाएगा।

जिला फुटबॉल संघ हनुमानगढ़ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला फुटबॉल संघ के सचिव शशिकांत शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी फुटबॉल कोच जुल्फिकार पठान को सौंपी गई है। उन्हें प्रतियोगिता का संयोजक नियुक्त किया गया है।

वहीं, हनुमानगढ़ जिले की सीनियर महिला फुटबॉल टीम के चयन का दायित्व फुटबॉल कोच अशोक कंकर को दिया गया है। चयन प्रक्रिया में सहयोग के लिए शारीरिक शिक्षक भूपसिंह और लूणाराम को चयन समिति का सदस्य बनाया गया है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 18 सदस्यीय जिला टीम का चयन किया जाएगा।

चयनित टीम 11 से 13 दिसंबर तक भीनमाल (जालौर) में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। इसके लिए नोहर में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता खिलाड़ियों के चयन का महत्वपूर्ण आधार बनेगी।

इस आयोजन का उद्देश्य जिले की प्रतिभावान महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हनुमानगढ़ की मजबूत टीम तैयार करना है।

Tags: