नोहर नगरपालिका सभागार में अध्यक्ष हाजन खातून टाक, अधिकारी और पार्षद मंडल की पहली बैठक में चर्चा करते दिख रहे हैं।

नोहर नगरपालिका मंडल की पहली बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर 24 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई। जनरल मार्केट में सड़क और प्लेटफॉर्म निर्माण पर 5 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जबकि शहर में 1000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। बैठक में निर्धारित 14 एजेंडों पर चर्चा के बाद सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

नोहर, 25 नवंबर (तिवाड़ी)। नगरपालिका मंडल नोहर की प्रथम बैठक बुधवार को नगरपालिका अध्यक्ष हाजन खातून टाक की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इस दौरान करोड़ों रुपए के विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक में कांग्रेस पार्षद सुमित चाचाण ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों का सही चयन करने और चयनित लाभार्थियों को बार-बार नगरपालिका के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए प्राथमिकता से काम करने की मांग रखी। उन्होंने अग्रसेन पार्क और गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण करवाने के साथ बिहाणी स्टेडियम में भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की। पार्षद महबूब आईतान ने मुस्लिम धर्मशाला और टायर मंडी के लिए भूमि आवंटित करने का प्रस्ताव रखा। वहीं, पार्षद जितेंद्र भाटी ने स्टेट बैंक मार्ग पर नगरपालिका की ओर से लाखों रुपए की लागत से लगाए गए बैरिकेट्स हटाए जाने पर विरोध जताया।

नगरपालिका अध्यक्ष हाजन खातून टाक ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे और किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा।

बैठक में पुराने जोहड़ के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव प्रमुख रहा। इसके तहत आसपास के क्षेत्र में कैंटीन, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए 2.50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। बिहाणी चौक से एससी जैन वाया श्रीराम वाटिका तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई। शहर में 15 से 20 स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए तथा कोठारी टाउन हॉल के सौंदर्यीकरण के लिए 1.50 करोड़ रुपए मंजूर किए गए।

जनरल मार्केट में सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ और प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा शहर में 1000 नई स्ट्रीट लाइटें खरीदने के लिए 60 लाख रुपए तथा रैन बसेरा और अन्नपूर्णा रसोई के निर्माण के लिए 90 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रयुक्त जल प्रबंधन और स्वच्छता घटकों के लिए तृतीय पक्षकार के रूप में 7.61 करोड़ रुपए के ऋण संबंधी एमओयू को भी सदन ने मंजूरी दी। कोविड काल में मृतक शिवशंकर, सहायक प्रशासनिक अधिकारी के आश्रित परिवार को राज्यादेश के तहत दी गई 50 लाख रुपए की सहायता राशि की पुष्टि की गई। इसके साथ ही मृतक आश्रित परिवार के सदस्यों को दी गई नियुक्तियों और उनके स्थाईकरण की पुष्टि की गई। उच्च न्यायालय के आदेशों और अवमानना प्रकरणों के तहत प्रदान की गई नियुक्तियों, वेतन भुगतान तथा स्थाईकरण संबंधी निर्णयों की भी पुष्टि की गई।

बैठक में एमजेएसआरवाई योजनांतर्गत रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अनुशंसा करने, मेडासिटी-द्वितीय के दोहरे विक्रय वाले भूखंडों में दोहरी जमा राशि लौटाने की पुष्टि करने तथा सेवग समिति और मुस्लिम समिति संस्थाओं को भूमि आवंटित करने के प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।

सदन में प्रत्येक वार्ड में पार्षद के नाम और विशिष्ट जानकारी वाली पट्टिका स्थापित करने पर सहमति बनी। अस्थायी पटाखा विक्रय स्थल का नाम राघव उद्यान रखने तथा सार्वजनिक सड़क भूमि पर आवारा पशु बांधने वाले पशु मालिकों पर जुर्माना लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके अलावा बिहाणी मिनी स्टेडियम में टूटी कुर्सियों और खराब लाइटों को दुरुस्त करवाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के चयनित लाभार्थियों को दूसरी किश्त जल्द जारी करने पर सहमति बनी।

नगरपालिका ईओ गिरिराज रत्नु ने नगरपालिका की ओर से करवाए जा रहे विभिन्न कार्यों और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में पार्षद सुनील कार्य, गंगाराम पांडिया, जाफर अली, रूपराम सैनी, श्रेया सिपानी, सुंदर महर्षि, सत्यबाला कंदोई, रियाज टाक, मुस्ताक खान, रविंद्र पड़ा, रतनलाल शक्रवाल और उदय सिंह राठौड़ सहित अन्य उपस्थित रहे।

बैठक में कुल 40 सदस्यों में से 38 सदस्य उपस्थित रहे। नगरपालिका की पहली बैठक में पारित प्रस्तावों के तहत सड़क, सार्वजनिक शौचालय, पार्क, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को मंजूरी मिलने से नोहर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुला है।

Tags: