नोहर पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत, पल्लू में भी दावा
| नोहर में 35 में से 20 सीटें जीतकर कांग्रेस का प्रधान बनना तय, जबकि पल्लू में एक सीट कम होने पर निर्दलीय के सहारे प्रधान पद साधने की तैयारी।
नोहर पंचायत समिति में कांग्रेस को 20 सीटों पर बहुमत मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
नोहर। पंचायत राज चुनाव के शुक्रवार, 20 नवंबर को घोषित परिणामों में नोहर पंचायत समिति में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर भाजपा को पीछे छोड़ दिया। कुल 35 सीटों में से कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा 11 सीटों पर सिमट गई। माकपा को 2 और निर्दलीय प्रत्याशियों को 2 सीटों पर सफलता मिली। इस जनादेश के साथ ही नोहर पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान बनना लगभग तय हो गया है।
परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता विधायक अमित चाचाण के निवास पर पहुंचे और जीत का उत्सव मनाया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर खुशी साझा की।
इस अवसर पर विधायक अमित चाचाण ने कहा कि जनता ने भाजपा सरकार की गलत नीतियों का जवाब अपने वोट के माध्यम से दिया है। कांग्रेस को मिले स्पष्ट बहुमत से साबित हो गया है कि पिछले तीन वर्षों में भाजपा सरकार प्रत्येक मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस के पक्ष में जनादेश देकर पार्टी के प्रति अपना विश्वास जताया है।
विधायक चाचाण ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन के पिछले तीन वर्षों में नोहर विधानसभा क्षेत्र में विकास का कोई काम नहीं हुआ। नहरी तंत्र पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। नहरों में सिंचाई का पानी मिलना तो दूर, लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिल रहा है।
पंचायत समिति प्रधान के चयन को लेकर विधायक ने कहा कि नवनिर्वाचित कांग्रेस सदस्यों से रायशुमारी की जाएगी। सभी निर्वाचित सदस्यों की सहमति और राय के आधार पर प्रधान पद का उम्मीदवार तय किया जाएगा।
चुनाव परिणामों में कई वार्डों में कांटे की टक्कर देखने को मिली। कहीं जीत का अंतर महज 3 वोट रहा तो कहीं विजेता प्रत्याशी ने 1738 मतों से बड़ी जीत दर्ज की। वार्ड संख्या 9 में कांग्रेस प्रत्याशी रचना कुमारी ने बेहद करीबी मुकाबले में जीत हासिल की। उन्हें 1295 वोट मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिशुपाल को 1292 मत प्राप्त हुए। इस तरह रचना कुमारी ने केवल 3 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जो पंचायत समिति नोहर में सबसे कम अंतर से मिली जीत रही।
वहीं, वार्ड संख्या 10 में कांग्रेस प्रत्याशी गीता शर्मा ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की। गीता शर्मा को 2675 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रामस्वरूप को 937 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार उन्होंने 1738 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की।
पल्लू पंचायत समिति में भी कांग्रेस ने प्रधान पद पर दावा मजबूत किया
नोहर के साथ ही पल्लू पंचायत समिति में भी विधायक अमित चाचाण ने कांग्रेस का प्रधान बनने का दावा किया है। पल्लू पंचायत समिति की कुल 15 सीटों में से कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा को 6, माकपा को 1 और निर्दलीय प्रत्याशी को 1 सीट मिली है। कांग्रेस यहां बहुमत के आंकड़े से एक सीट दूर है। ऐसे में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन से प्रधान पद हासिल करने की रणनीति पर कांग्रेस जुट गई है।
नोहर पंचायत समिति में 35 में से 20 सीटें जीतकर कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं, पल्लू में एक सीट की कमी के बावजूद निर्दलीय के समर्थन से प्रधान बनाने की संभावनाओं पर पार्टी की नजर है।