नोहर के 15 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 71.71 लाख रुपये स्वीकृत
| पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया के प्रयासों से मिली राशि से गांवों में भवन सुधरेंगे; बच्चों और कार्यकर्ताओं को मिलेगी बेहतर सुविधा।
नोहर विधानसभा क्षेत्र के 15 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। इन केंद्रों के आधारभूत ढांचे में सुधार के लिए राज्य सरकार ने 71.71 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की है। इस राशि से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थित आंगनबाड़ी भवनों में आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य करवाए जाएंगे।
यह स्वीकृति पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया के प्रयासों से जारी हुई है। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार का आभार जताया। पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-शिशु सेवाओं का महत्वपूर्ण आधार हैं। इन भवनों के सुदृढ़ीकरण से बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
पूर्व विधायक ने बताया कि स्वीकृत राशि के तहत 15 बारानी में 4.94 लाख रुपये, ढाणी राईंका में 4.73 लाख, किंकराली में 3.75 लाख, थिराना में 3.91 लाख, कानसर में 3.90 लाख, दुर्जाना में 4.91 लाख और मलवानी के दो आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 8.18 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसी प्रकार जनानिया में 4.91 लाख रुपये, नीमला में 3.22 लाख, मंदरपूरा में 3.94 लाख, पाण्डुसर में 4.44 लाख, गिराजसर में 4.08 लाख, भूकरका के दो केंद्रों के लिए 9.14 लाख, ढण्ढेला में 3.94 लाख तथा देईदास में 3.72 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इस स्वीकृति के बाद नोहर विधानसभा क्षेत्र के 15 आंगनबाड़ी केंद्रों में मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य करवाए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी भवनों का आधारभूत ढांचा बेहतर होगा और बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।