रामदेव ब्रांड की लाल मिर्च पर मिसब्रांडिंग का मामला, निर्माता समेत तीन पक्षों पर 3 लाख जुर्माना
| हनुमानगढ़ में रामदेव ब्रांड के लाल मिर्च पाउडर का नमूना जांच में मिसब्रांडेड मिलने पर एडीएम न्यायालय ने बड़ा निर्णय सुनाया। विक्रेता, वितरक और निर्माता कंपनी पर कुल 3 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। पैकेजिंग अनुमति की तारीख भी बनी अहम आधार।
हनुमानगढ़। रामदेव ब्रांड के लाल मिर्च पाउडर की पैकेजिंग पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के उल्लंघन के मामले में न्यायालय ने विक्रेता, वितरक और निर्माता कंपनी पर कुल 3 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। न्याय निर्णयन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट उम्मेदी लाल मीना ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सुनवाई पूरी करने के बाद यह निर्णय सुनाया। इसमें विक्रेता पर 40 हजार रुपए, वितरक पर 60 हजार रुपए और निर्माता कंपनी पर 2 लाख रुपए की शास्ति अधिरोपित की गई है।
मामले की शुरुआत खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम द्वारा हनुमानगढ़ टाउन स्थित मैसर्स फतेगढ़िया मार्ट के निरीक्षण से हुई थी। इस दौरान दुकान पर बिक्री के लिए रखे रामदेव ब्रांड के लाल मिर्च पाउडर का संदेह के आधार पर नमूना लिया गया। खाद्य विश्लेषक, जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला बीकानेर की जांच रिपोर्ट में नमूना मिसब्रांडेड पाया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित विक्रेता, वितरक और निर्माता कंपनी के खिलाफ न्याय निर्णयन की कार्रवाई शुरू की।
सुनवाई के दौरान विक्रेता ने अपने जवाब में बताया कि उसने संबंधित खाद्य सामग्री हनुमानगढ़ की रामदेव एजेंसी से खरीदी थी और उसमें किसी तरह की मिलावट नहीं की थी। वितरक ने भी अपने पक्ष में कहा कि उसने उत्पाद संबंधित कंपनी से खरीदकर आगे विक्रय किया था।
वहीं, निर्माता कंपनी मैसर्स रामदेव फूड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद की ओर से दलील दी गई कि उत्पाद की पैकेजिंग पर लेबलिंग संबंधी नियमों में बदलाव होने के कारण पूर्व मुद्रित पैकेजिंग सामग्री के इस्तेमाल के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण से अनुमति ली गई थी।
न्यायालय ने पत्रावली में उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों का परीक्षण करते हुए पाया कि संबंधित लाल मिर्च पाउडर 23 सितंबर 2022 को पैक किया गया था, जबकि उसका नमूना 17 फरवरी 2023 को लिया गया। निर्माता कंपनी नमूना संग्रहण से पहले पूर्व मुद्रित पैकेजिंग सामग्री के इस्तेमाल की अनुमति प्राप्त करने से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।
रिकॉर्ड के अनुसार, निर्माता कंपनी ने इस संबंध में 3 मई, 2023 को आवेदन किया था और 22 मई, 2023 को अनुमति प्राप्त की थी। इस तरह पैकेजिंग सामग्री के उपयोग की अनुमति नमूना लिए जाने की तारीख के बाद प्राप्त की गई थी। न्यायालय ने इस तथ्य को भी निर्णय के दौरान ध्यान में रखा।
खाद्य विश्लेषक की प्रयोगशाला रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर न्याय निर्णयन अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 52 के तहत तीनों पक्षों को मिसब्रांडिंग के लिए उत्तरदायी माना।
निर्णय के तहत मैसर्स फतेगढ़िया मार्ट के मालिक एवं विक्रेता रिशान्त पर 40 हजार रुपए, वितरक सुनील कुमार प्रेमजानी पर 60 हजार रुपए और निर्माता कंपनी मैसर्स रामदेव फूड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड पर 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार रामदेव ब्रांड के लाल मिर्च पाउडर की मिसब्रांडिंग के मामले में तीनों पक्षों पर कुल 3 लाख रुपए की शास्ति अधिरोपित की गई है।