जल संसाधन विभाग के अधिकारी टोहाना स्थित कार्यालय में नहर जलापूर्ति पर चर्चा कर रहे हैं।

सिद्धमुख फीडर के ग्रुप-A में निर्धारित मात्रा से कम पानी मिलने के कारण सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। राजस्थान की नहरों में निर्धारित मात्रा के अनुसार पूरा पानी छोड़ने की मांग को लेकर 23 नवंबर 2026 को जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने टोहाना पहुंचकर वहां के अधिशासी अभियंता से मुलाकात की और जलापूर्ति बढ़ाने का मुद्दा उठाया।

इस दौरान अधीक्षण अभियंता, जल संसाधन वृत्त नोहर श्री निरंजन लाल मीणा, अधिशासी अभियंता जल संसाधन खंड भादरा श्री तिलोक चंद टाक और सहायक अभियंता श्री दिनेश सिंहमार ने टोहाना के अधिशासी अभियंता के साथ बैठक कर राजस्थान की नहरों में निर्धारित मात्रा के अनुसार पानी उपलब्ध कराने की मांग रखी।

अधिशासी अभियंता श्री तिलोक चंद टाक ने बताया कि भादरा क्षेत्र का निर्धारित इंडेंट 350 क्यूसेक है, जबकि काजल हेड से वर्तमान में राजस्थान के लिए केवल 200 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। निर्धारित मात्रा से कम जलापूर्ति होने के कारण नहरों का रेगुलेशन प्रभावित हो रहा है और सिंचाई की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में रबी फसलों की बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है। ऐसे में फसलों की बुवाई और प्रारंभिक सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता है।

इस पर टोहाना के अधिशासी अभियंता श्री श्याम धींगड़ा ने बताया कि पटियाला के पास भाखड़ा मेन लाइन ब्रांच पर स्टील का पुल टूटने के कारण टोहाना हेड पर पानी की उपलब्धता कम हो गई है। इसके अलावा फतेहाबाद ब्रांच में भी फिलहाल आधी मात्रा में ही पानी छोड़ा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी एक-दो दिनों में स्थिति सामान्य होने पर राजस्थान की नहरों में निर्धारित मात्रा के अनुसार पूरा पानी उपलब्ध करवाया जा सकेगा।

बैठक में टोहाना के अधिशासी अभियंता ने सिद्धमुख एवं नोहर क्षेत्र में करवाए गए कार्यों के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठाया। इस पर अधीक्षण अभियंता श्री निरंजन लाल मीणा ने नियमानुसार निरीक्षण करवाकर लंबित भुगतान शीघ्र कराने का आश्वासन दिया।

वहीं, अधिशासी अभियंता श्री तिलोक चंद टाक ने बताया कि नहरों में पानी चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विभाग ने पुलिस थाने के सहयोग से गश्ती दल का गठन किया है। पानी चोरी करने वाले असामाजिक तत्वों और किसानों के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज करवाने की कार्रवाई की जाएगी।

अंत में विभागीय अधिकारियों ने किसानों से नहरों से पानी चोरी नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उपलब्ध पानी का सदुपयोग किया जाए और पहले पेयजल की आवश्यकता के लिए पर्याप्त जल भंडारण सुनिश्चित होने दिया जाए, ताकि आमजन और पशुधन के लिए पेयजल उपलब्ध रह सके। अधिकारियों ने किसानों से विभागीय व्यवस्था में सहयोग करने की भी अपील की।

Tags: