धनतेरस पर आर्थिक समृद्धि के लिए भगवान कुबेर की पूजा और मंत्र जाप का विशेष विधान है।

धनतेरस के पावन पर्व पर धन और समृद्धि की कामना के साथ भगवान कुबेर और मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन की गई पूजा और मंत्र जाप को लेकर धार्मिक मान्यताएं हैं कि इससे घर में सुख-समृद्धि आती है। इसी बीच मशहूर एस्ट्रोलॉजर साक्षी ठाकुर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा कर भगवान कुबेर को प्रसन्न करने का विशेष उपाय बताया है। उन्होंने धनतेरस की शाम पूजा के दौरान एक सरल मंत्र का 108 बार जाप करने की सलाह दी है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस के दिन लोग नई चीजें खरीदकर घर लाते हैं, घरों में दीपक जलाते हैं और शाम के समय विधि-विधान से पूजा-पाठ कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करते हैं। इन परंपराओं के साथ भगवान कुबेर को प्रसन्न करने के लिए भी कई तरह के उपाय किए जाते हैं।

धनतेरस की शाम इस तरह करें भगवान कुबेर की पूजा

एस्ट्रोलॉजर साक्षी ठाकुर के अनुसार, धनतेरस की शाम पूजा के समय सबसे पहले भगवान कुबेर का ध्यान करना चाहिए। पूजा स्थल को साफ-सुथरा रखने के बाद भगवान के सामने दीपक जलाएं। इसके बाद भगवान कुबेर और मां लक्ष्मी को फूल अर्पित करें। पूजा के दौरान मन में किसी के प्रति बुरे विचार नहीं रखने चाहिए।

इसके बाद भगवान कुबेर और मां लक्ष्मी का ध्यान करते हुए अपनी आर्थिक परेशानियां दूर करने और घर में सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना करें। मन ही मन भगवान कुबेर से अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखने और जीवन में चल रही धन संबंधी परेशानियों से बाहर निकलने की शक्ति देने की कामना करें।

108 बार करें इस मंत्र का जाप

साक्षी ठाकुर ने भगवान कुबेर को प्रसन्न करने के लिए जिस मंत्र का जाप बताया है, वह है-

'ॐ कुबेराय नमः'

एस्ट्रोलॉजर के अनुसार, धनतेरस पर इस मंत्र का 108 बार जाप करना शुभ माना जाता है। मंत्र जाप के लिए तुलसी या चंदन की माला का इस्तेमाल किया जा सकता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्रद्धा के साथ इस मंत्र का जाप करने से भगवान कुबेर प्रसन्न हो सकते हैं और जीवन में आने वाली धन संबंधी बाधाओं को दूर करने में कृपा कर सकते हैं। धनतेरस की पूजा में इस मंत्र जाप को आर्थिक परेशानियों से मुक्ति और घर में सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ा उपाय बताया गया है।