कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का मंगलवार को अपने दो दिवसीय वागड़ दौरे के दौरान डूंगरपुर सीमा में प्रवेश करने पर भव्य स्वागत किया गया। पायलट सबसे पहले बेणेश्वर धाम पहुंचे, जहां उन्होंने राधा-कृष्ण मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद साबला पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जेसीबी के माध्यम से उन पर फूलों की वर्षा की। यात्रा का मुख्य पड़ाव आसपुर का प्रताप सर्कल रहा, जहां सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने फूल मालाएं पहनाकर और बुलडोजर से फूलों की वर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ता सचिन पायलट जिंदाबाद और अगला मुख्यमंत्री कैसा हो, सचिन पायलट जैसा हो के नारे लगाते हुए काफी उत्साहित नजर आए। पायलट ने प्रताप प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया और बाद में गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर उन्हें संबोधित किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने वर्तमान भाजपा शासन पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि ढाई साल में ही जनता इस शासन से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चिकित्सा और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सरकार अधिकारियों व केंद्र के इशारों पर चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पंचायत चुनाव करवाने में आनाकानी कर रही है और यदि आज चुनाव करवा दिए जाएं, तो कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। नरेगा योजना को लेकर उन्होंने कहा कि इसे पूर्ण रूप से बंद करने की मंशा से सरकार अलग योजना लेकर आई है, जिससे गरीबों के रोजगार पर बड़ा संकट पैदा हो गया है। इस दौरान लोगों ने सोम कमला बांध का पानी सागवाड़ा नहीं ले जाने की मांग रखी। कार्यक्रम के दौरान लोकेश पाटीदार ने सचिन पायलट को तलवार और तस्वीर भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

आसपुर में आयोजित इस स्वागत समारोह के दौरान जिले भर से पहुंचे कई दावेदारों ने गाड़ियों के काफिले के साथ अपने शक्ति प्रदर्शन का प्रयास किया और पायलट के सामने अपनी दावेदारी जताई। इस अवसर पर पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार पाटीदार, जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष करण सिंह चौहान, रघुवीर सिंह मीणा, शंकर यादव, गजेंद्र सिंह ख़रोड़िया, वीरेंद्र सिंह सिसोदिया, लोकेश पाटीदार, मानव गुप्ता, युवा नेता हेमेंद्र सिंह, शिवसिंह, दिग्पाल सिंह और मणिलाल जोशी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दूसरी ओर, इस स्वागत समारोह में जेबकतरों ने भी सक्रिय होकर लोगों को निशाना बनाया। भीड़ का फायदा उठाते हुए जेबकतरों ने कई लोगों की जेबें साफ कर दीं। घटना के अनुसार, दिनेश बंजारा खोती के पायलट का स्वागत करने के दौरान जेब से 47 हजार रुपये पार कर लिए गए। इसी तरह केशर सिंह वाडा कुण्डली की जेब से भी 7 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस संबंध में दिनेश बंजारे ने आसपुर पुलिस को सूचना दी है। एक तरफ जहां सियासी माहौल में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर था, वहीं जेबकतरों की सक्रियता ने इस कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Sudhir jain (Dungarpur)

Sudhir jain (Dungarpur)

नाम: सुधीर जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: डूंगरपुर जिला (राजस्थान)

अनुभव: 40 वर्ष

बीट और विशेषज्ञता (Beats & Coverage)

  • स्थानीय समाचार: डूंगरपुर जिले और संबंधित तहसीलों की सभी प्रकार की स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • राजनीति एवं धर्म: स्थानीय व जिला स्तरीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव, प्रशासनिक नीतियां और धार्मिक आयोजनों व सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग।
  • क्राइम एवं प्रशासन: कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, अदालती मामले और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली की खबरें।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां, लघु उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विषय।


शैक्षणिक योग्यता (Education)

विज्ञान स्नातक - गणित (B.Sc. Mathematics)

Next Story