भजनलाल शर्मा ने पूछरी लोटा में की पूजा, गिरिराज जी का किया दुग्ध अभिषेक
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने पांच दिवसीय दीप उत्सव के दौरान डीग के श्रीनाथ मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गोवर्धन पूजा पर डीग के पूछरी लोटा में सीएम भजनलाल शर्मा ने पत्नी संग गिरिराज जी का अभिषेक किया।
डीग, 10 नवंबर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को पांच दिवसीय दीप उत्सव कार्यक्रम के तहत सप्तकोशीय गिरिराज जी परिक्रमा मार्ग स्थित पूछरी लोटा में श्रीनाथ मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने मुकुट मुखारविंद गिर्राज जी का अभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद रहीं।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दुग्ध अभिषेक कार्यक्रम कई वर्षों से निरंतर जारी है। इसी परंपरा के तहत उन्होंने गिरिराज जी का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री के आगमन पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम, डीग-कुम्हेर विधायक डॉक्टर शैलेश दिगंबर सिंह, विधायक बहादुर सिंह कोली और भाजपा जिला अध्यक्ष सतीश बंसल ने हेलीपैड पर पहुंचकर उनकी अगवानी की। इस दौरान सभी ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत-सत्कार किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री की इस धार्मिक यात्रा और गिरिराज जी के दुग्ध अभिषेक कार्यक्रम ने पांच दिवसीय दीप उत्सव के आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।