डीग जिला परिषद चुनाव: गणन अभिकर्ताओं की नियुक्ति के लिए 18 नवंबर तक करें आवेदन
| डीग जिला परिषद चुनाव-2026 में गणन अभिकर्ताओं की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थी 18 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे। जानें आवश्यक दस्तावेज, नियुक्ति की सीमा और अनुमति पत्र जारी होने की प्रक्रिया।
डीग, 16 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद, जिला डीग के लिए चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों को अपने गणन अभिकर्ताओं की नियुक्ति के लिए निर्धारित समय सीमा में आवेदन करना होगा। इसके लिए जिला निर्वाचन प्रशासन ने आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 18 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह परमार ने बताया कि गणन अभिकर्ताओं की नियुक्ति के लिए आवेदन प्रभारी अधिकारी एवं महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के कार्यालय में जमा करवाए जा सकते हैं। यह कार्यालय गैस एजेंसी के पास, नगर रोड, डीग में स्थित है। आवेदन 18 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ प्रपत्र-10 की पूर्ण रूप से भरी हुई दो प्रतियां जमा करवाना अनिवार्य है। दोनों प्रतियों पर गणन अभिकर्ता के सत्यापित पासपोर्ट साइज फोटो लगे होने चाहिए। इसके अलावा गणन अभिकर्ता का आधार कार्ड, वोटर आईडी और नवीनतम पुलिस वेरिफिकेशन रिपोर्ट भी प्रस्तुत करनी होगी। प्रपत्र-10 की दो प्रतियों के अतिरिक्त एक पासपोर्ट साइज फोटो अलग से देना होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, एक अभ्यर्थी अथवा निर्वाचन अभिकर्ता अधिकतम दो गणन अभिकर्ताओं की नियुक्ति करवा सकता है। इनमें एक मुख्य गणन अभिकर्ता और दूसरा रिलीवर गणन अभिकर्ता होगा। आवेदन जमा करवाने के कम से कम एक दिवस बाद अनुमति पत्र जारी किया जाएगा।
गणन अभिकर्ताओं की नियुक्ति और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी महाप्रबंधक दिलकुश मीना के मोबाइल नंबर 8440991162 तथा संस्थापन अधिकारी दीपक के मोबाइल नंबर 9928920666 पर संपर्क कर सकते हैं।