ग्राम पपरेरा में सरपंच नामांकन के दौरान दो पक्षों के विवाद के बाद पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया।

डीग। पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत सरपंच पद के नामांकन के दौरान ग्राम पपरेरा में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और हंगामे से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सार्वजनिक स्थान पर एकत्र होकर गुटबाजी करते हुए झगड़ा करने और आमजन में भय व्याप्त करने के मामले में डीग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 गैरसायलान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था कायम की।

जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, रविवार 15 नवंबर 2026 को पंचायतीराज चुनाव ड्यूटी में तैनात मोबाइल पार्टी नंबर 05 के प्रभारी लालचन्द, सहायक उपनिरीक्षक (स.उ.नि.), ने थानाधिकारी कुम्हेर को मोबाइल के जरिए सूचना दी कि मोबाइल पार्टी के क्षेत्राधिकार में आने वाले ग्राम पपरेरा में सरपंच पद के नामांकन फॉर्म भरे जा रहे थे। इस दौरान मतदान केंद्र स्थित सरकारी स्कूल के पास सार्वजनिक स्थान पर बनी पानी की टंकी के नजदीक कुछ बाहरी लोग एकत्र हो गए थे। ये लोग सरपंच पक्ष के दो पक्षों में गुट बनाकर आपस में झगड़ा कर रहे थे।

सूचना मिलते ही थानाधिकारी कुम्हेर ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया और पुलिस जाप्ते के साथ गश्त के दौरान तत्काल ग्राम पपरेरा स्थित मतदान केंद्र के पास पहुंचे। पुलिस ने मौके पर झगड़ा कर रहे तथा आमजन में भय का माहौल पैदा करने वाले कुल 7 व्यक्तियों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम की गई। पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीग पुलिस की यह कार्रवाई की गई।

Tags: