डीग। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत डीग जिले के गांव खोहरी में रविवार को मतदान केंद्र पर चुनावी प्रक्रिया के दौरान एक शिक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। चुनाव ड्यूटी पर तैनात 57 वर्षीय शिक्षक सैयद साबिर अली को तत्काल डीग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव खोहरी में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत पंचायत सरपंच नामांकन प्रक्रिया के दौरान शिक्षक सैयद साबिर अली की ड्यूटी लगी हुई थी। रविवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। स्थिति बिगड़ने पर चुनाव प्रक्रिया में तैनात स्टाफ ने उन्हें उपचार के लिए डीग अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शिक्षक सैयद साबिर अली कामां तहसील के विलोद गांव के निवासी थे। वे वर्ष 2001 से विलोद स्कूल में अपनी सेवाएं दे रहे थे। लंबे समय से शिक्षण कार्य से जुड़े सैयद साबिर अली की चुनावी ड्यूटी के दौरान अचानक हुई मौत से घटना चर्चा का विषय बन गई।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। चुनावी प्रक्रिया के दौरान शिक्षक की मौत से उनके परिवार और परिचितों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Tags: