डीग। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में जिला परिषद पर कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद अब जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। डीग जिले में जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव के लिए कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। इसके तहत 25 नवंबर से चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी और 28 नवंबर तक सभी पदों के लिए निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव होगा। चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक दिन सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी और उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

इसके बाद दोपहर 3 से 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव को लेकर डीग जिले में राजनीतिक समीकरणों पर सभी की नजरें टिकी हैं। जिले में कुल 29 जिला परिषद सदस्यों में से कांग्रेस के 14 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा के 10 सदस्य विजयी हुए हैं। बहुजन समाज पार्टी का एक सदस्य और चार निर्दलीय जिला परिषद सदस्य भी चुनाव जीतकर आए हैं।

जिला परिषद में कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई है। जिला प्रमुख का पद हासिल करने के लिए कांग्रेस को अपने 14 सदस्यों के अलावा केवल एक अन्य जिला परिषद सदस्य के समर्थन की जरूरत होगी। वहीं, भाजपा को जिला प्रमुख बनाने के लिए पांच जिला परिषद सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता पड़ेगी।

ऐसे में चार निर्दलीय सदस्यों और बहुजन समाज पार्टी के एक सदस्य की भूमिका चुनावी समीकरणों में अहम हो सकती है। अब 25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख के चुनाव पर सभी की निगाहें रहेंगी। जिला परिषद में मिले जनादेश के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए होने वाला मुकाबला डीग की आगामी राजनीतिक तस्वीर तय करेगा।

Tags: