डीग। ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण डीग और बृजनगर पंचायत समिति के दो मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर को दोबारा मतदान कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने प्राप्त रिपोर्ट और परिस्थितियों की समीक्षा के बाद इन दोनों बूथों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है।

पुनर्मतदान डीग पंचायत समिति के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 10 के बूथ संख्या 50 और बृजनगर पंचायत समिति के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 12 के बूथ संख्या 62 पर होगा। आयोग के अनुसार, ईवीएम में तकनीकी खराबी के चलते अप्रदर्शित मतों की संख्या निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशियों के बीच मतों के अंतर से अधिक पाई गई। इसी आधार पर पुनर्मतदान का निर्णय लिया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव राजेश वर्मा ने बताया कि दोनों संबंधित मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर, रविवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन रात 9 बजे से मतगणना शुरू होगी। पुनर्मतदान के लिए मतदान दल 21 नवंबर को रवाना किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पुनर्मतदान में केवल संबंधित मतदान केंद्रों के अधिकृत मतदाता ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदान के दौरान मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही का निशान लगाया जाएगा।

वहीं, मूल मतदान के दौरान इस्तेमाल की गई ईवीएम को सील कर सुरक्षित रखा जाएगा। आयोग के निर्णय के बाद अब डीग और बृजनगर पंचायत समिति के इन दोनों बूथों पर 22 नवंबर को नए सिरे से मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होगी।

Tags: