डीग में अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा, 3 कट्टे और 4 कारतूस के साथ चार पकड़े
| डीग में पुलिस ने मालीपुरा रोड पर कार्रवाई कर दो युवकों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा। इनके कब्जे से 3 अवैध कट्टे, 4 जिंदा कारतूस और 2 खाली खोखे मिले। हथियारों की आपूर्ति से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आए हैं।
डीग, 20 नवंबर। डीग में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से 315 बोर के 3 अवैध कट्टे, 4 जिंदा कारतूस और 315 बोर के 2 खाली खोखे बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इन हथियारों को बेचने के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए थे और हथियारों की आपूर्ति में शामिल थे।
पुलिस गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मालीपुरा रोड पर चुंगी के पास बने टीनशेड में चार लड़के खड़े हैं। उनके पास अवैध हथियार हैं और वे उन्हें बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां चार युवक खड़े मिले, जो वर्दीधारी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।
पूछताछ में दो युवकों की पहचान सुरेन्द्र उर्फ सोनू शर्मा पुत्र मनोज कुमार, जाति ब्राह्मण, उम्र 24 साल, निवासी बहज थाना डीग और लोकेश पुत्र मोतीलाल, जाति यादव, उम्र 25 साल, निवासी जयश्री थाना सीकरी के रूप में हुई। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी पाए गए।
अवैध हथियार होने की आशंका पर पुलिस ने चारों की अलग-अलग तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 315 बोर के 3 कट्टे, 4 जिंदा कारतूस और 315 बोर के 2 खाली खोखे मिले। पुलिस ने हथियार रखने के संबंध में लाइसेंस या अनुज्ञापत्र मांगा, लेकिन चारों के पास कोई वैध लाइसेंस या अनुज्ञापत्र नहीं मिला।
मौके पर की गई पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ये हथियार रजत पुत्र बबली, जाति ठाकुर, निवासी माशानी मोहल्ला डीग, हाल निवासी इकरन थाना चिकसाना जिला भरतपुर और गौरी पुत्र गोकुल, जाति ब्राह्मण, निवासी इकलैरा थाना डीग से बेचने के लिए लेकर आए थे। आरोपियों और विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा अवैध हथियारों की आपूर्ति किए जाने की बात भी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा संगठित होकर अवैध हथियार खरीदने, बेचने और अपने कब्जे में रखने का मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(बी) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25(6) और 9/25 के तहत पाया गया। इस पर पुलिस ने सुरेन्द्र उर्फ सोनू शर्मा, लोकेश और दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से मिले सभी हथियारों और कारतूसों को नियमानुसार जब्ती पत्र तैयार कर साक्ष्य के रूप में जब्त किया। इसके बाद दोनों युवकों को अलग-अलग गिरफ्तारी पत्र के जरिए गिरफ्तार किया गया, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने बताया कि गौरी पुत्र गोकुल, निवासी इकलैरा थाना डीग, पूर्व से अवैध हथियारों से जुड़े एक मामले में वांछित है। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक जिला डीग की ओर से इनाम भी घोषित किया हुआ है।
इस संबंध में संबंधित थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों और विधि से संघर्षरत बालकों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, आपूर्ति और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में गहन पूछताछ एवं अनुसंधान किया जा रहा है।