संत रमेश बाबा के मार्गदर्शन में आयोजित राधा रानी ब्रज यात्रा शनिवार को विभिन्न गांवों से होकर ऊमरा पहुंची। 

डीग। ब्रज की भक्ति, प्रेम और कृष्ण लीलाओं का अद्भुत संगम राधा रानी ब्रज यात्रा में देखने को मिल रहा है। ब्रज मंडल की सबसे बड़ी यात्राओं में शामिल यह यात्रा शनिवार को पूछरी से श्याम ढाक, बरौली चौथ, सामई खेड़ा होते हुए ऊमरा पहुंची। यात्रा में आयोजित छाक लीला ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रविवार को यात्रा डीग शहर से होकर गुजरेगी, जहां पुष्प वर्षा कर इसका भव्य स्वागत किया जाएगा।

राधा रानी ब्रज यात्रा का आयोजन ब्रज के परम रसिक एवं ब्रज निष्ठ संत पद्मश्री रमेश बाबा के मार्गदर्शन में प्रतिवर्ष किया जाता है। यह यात्रा दशहरा के दो दिन पश्चात त्रयोदशी से प्रारंभ होकर 40 दिनों तक ब्रज दर्शन और परिक्रमा करती है। लगभग 10,000 यात्रियों की इस यात्रा में किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। यात्रा के दौरान 24 घंटे हरिनाम संकीर्तन चलता रहता है और प्रत्येक लीला क्षेत्र में वहां से जुड़ी लीलाओं का गायन किया जाता है।

शनिवार को आयोजित छाक लीला ने यात्रियों को कृष्ण प्रेम की अनुभूति से सराबोर कर दिया। इस दौरान देवी गौरी जी ने 'कोई मोते लै लेओ री गोपाला' पद का गायन किया। इसमें कृष्ण प्रेम में दीवानी गोपी दही बेचते-बेचते लोगों से गोपाल को खरीदने की बात कहती है। लीला के दौरान छाक जल्दी पहुंचाने की जल्दबाजी में गोपी पात्र ले जाना ही भूल जाती है। पात्र नहीं होने पर वह कहती है, 'श्याम ढाक के दोना, दही पीजा श्याम सलोना।'

श्याम ढाक में पहले ढाक के बहुत से पौधे हुआ करते थे। इन पौधों की विशेषता थी कि इनके पत्ते दोने के आकार में बनकर गिरते थे। इसी प्रसंग के माध्यम से छाक लीला में ब्रज की परंपरा और कृष्ण की लीलाओं का मनोहारी चित्रण किया गया, जिसका यात्रियों ने आनंद लिया।

शनिवार को यात्रा पूछरी से रवाना होकर श्याम ढाक, बरौली चौथ और सामई खेड़ा होते हुए अंत में ऊमरा पहुंची। यहां शनिवार रात्रि को यात्रा का विश्राम होगा। यात्रा में राधाकांत शास्त्री, महेश शास्त्री, बाबा नृसिंह दास, ब्रजदास, ब्रजनंदन, प्रभुदास और साध्वी गौरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

रविवार को राधा रानी ब्रज यात्रा डीग शहर से होकर निकलेगी। इस दौरान डीगवासी पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत एवं सत्कार करेंगे। इसके बाद रात्रि में यात्रा टांकोली में विश्राम करेगी। 40 दिनों तक चलने वाली यह निःशुल्क यात्रा ब्रज के लीला स्थलों के दर्शन, परिक्रमा और निरंतर हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को ब्रज संस्कृति और कृष्ण भक्ति से जोड़ रही है।

Tags: