डीग पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत बरामद किए 2 करोड़ रुपये के 426 मोबाइल
साइबर सैल ने CEIR पोर्टल की मदद से दो माह के अभियान में 426 गुमशुदा एंड्रॉइड फोन बरामद कर वास्तविक मालिकों को सौंपे।
तस्वीर में डीग पुलिस अधिकारी कार्यालय में मेज पर रखे बरामद मोबाइल फोन के साथ खड़े हैं।
डीग। जिला अधीक्षक डीग शरण गोपीनाथ के निर्देशन में जिला डीग पुलिस ने आमजन के गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाने के लिए पिछले दो माह से विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ चलाया। अभियान के तहत साइबर सैल डीग ने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग पर दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न कंपनियों के करीब 2 करोड़ रुपये की कीमत के 426 गुमशुदा एंड्रॉइड मोबाइल फोन विभिन्न स्थानों से बरामद किए।
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। आवश्यक सत्यापन और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ ने विशेष कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए।
लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर मोबाइल मालिकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोनों की पहचान और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। मोबाइल वापस मिलने पर मालिकों ने डीग पुलिस की कार्रवाई के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि भारत सरकार के दूरसंचार विभाग C-DOT द्वारा खोए हुए मोबाइल फोन को ढूंढने तथा उसे ब्लॉक या अनब्लॉक करने के लिए CEIR PORTAL बनाया गया है। कोई भी व्यक्ति https://www.ceir.gov.in पर जाकर अपने खोए या चोरी हुए मोबाइल को ढूंढने और उसे ब्लॉक या अनब्लॉक कर सकता है।
पुलिस ने कहा कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा CEIR पोर्टल www.ceir.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी अज्ञात या लावारिस मोबाइल का उपयोग नहीं करने और बिना बिल के पुराना मोबाइल नहीं खरीदने की अपील की गई है। पुलिस ने आमजन से साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने और अपने व्यक्तिगत डेटा को सुरक्षित रखने का भी आग्रह किया है।