डीग में 62 गिरदावर सर्किलों पर सेवा सेतु शिविर, 22 विभाग मौके पर करेंगे समस्याओं का निस्तारण
डीग जिले में 62 गिरदावर सर्किलों पर 26 से 28 सितम्बर तक सेवा सेतु शिविर, 22 विभाग मौके पर करेंगे आमजन की समस्याओं का निस्तारण।
तस्वीर में डीग में सेवा सेतु अभियान के दौरान अधिकारियों की बैठक दिख रही है।
डीग जिले में विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत ग्रामीण स्तर पर आमजन को विभिन्न विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 26 से 28 सितम्बर तक तीन दिवसीय सेवा सेतु अभियान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। गिरदावर सर्किल मुख्यालय स्तर पर आयोजित इन शिविरों में 22 विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं और प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करेंगे।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित अभियान के तहत गांव अऊ गिरदावर सर्किल मुख्यालय पर शिविर प्रभारी सपना शर्मा की अध्यक्षता में शिविर आयोजित हुआ। इसमें बिजली विभाग सहित संबंधित 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाओं और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की गई।
डीग जिले में कुल 62 गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर सेवा सेतु अभियान के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें डीग उपखण्ड के 16, कुम्हेर के 12, कामां के 11, पहाड़ी के 11, नगर के 7 और सीकरी के 5 गिरदावर सर्किल शामिल हैं।
शिविरों का आयोजन प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक अथवा कार्य पूर्ण होने तक किया जाएगा। इनका संचालन उपखण्ड अधिकारी के निर्देशन में किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविरों में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं और प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर रहे हैं।
सेवा शिविरों में राजस्व विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित कार्य, पशु स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कार्य सहित विभिन्न विभागीय सेवाओं और शिकायतों का निस्तारण भी शिविरों में किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने निकटतम गिरदावर सर्किल मुख्यालय पर आयोजित सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं तथा पात्रतानुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करें। 26 से 28 सितम्बर तक चलने वाले इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर विभागीय सेवाओं और योजनाओं से जुड़े प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।