पंचायती राज चुनाव: मतदान केंद्रों पर निर्बाध नेटवर्क के निर्देश
जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने शैडो एरिया और कमजोर नेटवर्क वाले मतदान केंद्रों की सूची तैयार कर चुनाव से पहले सभी कमियां दूर करने के आदेश दिए।
तस्वीर में कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते जिला कलेक्टर मयंक मनीष।
जिला स्तरीय दूरसंचार समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर मयंक मनीष की अध्यक्षता में आयोजित हुई। आगामी पंचायती राज चुनाव को देखते हुए बैठक में जिले की दूरसंचार एवं नेटवर्क व्यवस्था की समीक्षा की गई और मतदान केंद्रों पर निर्बाध संचार सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने संबंधित अधिकारियों को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर नेटवर्क कनेक्टिविटी की स्थिति का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे मतदान केंद्रों की सूची तैयार करने को कहा, जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है या नेटवर्क कमजोर है। साथ ही शैडो एरिया की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर संचार व्यवस्था में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
उन्होंने दूरसंचार से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए बीएसएनएल के सक्षम अधिकारी को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को संपर्क पोर्टल पर दर्ज समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने के लिए आवश्यक समन्वय करने को भी कहा।
जिला कलेक्टर ने कहा कि आगामी पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर नेटवर्क सहित आवश्यक संचार सुविधाओं की उपलब्धता का पूर्व में ही परीक्षण किया जाए और सामने आने वाली कमियों को दूर किया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों एवं मतदान दलों को निर्बाध संचार सुविधा मिल सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर देवेंद्र सिंह परमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अधीक्षक अखिलेश शर्मा, संयुक्त निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग जगदीश प्रसाद, बीएसएनएल के कनिष्ठ दूरसंचार अधिकारी दीनदयाल गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।