डीग, 22 सितंबर। आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत जिला डीग में जिला परिषद एवं पंचायत समिति के वार्ड सदस्यों तथा पंचायत समिति प्रधान के पदों के लिए वर्गवार आरक्षण एवं महिला आरक्षण की प्रक्रिया 23 सितंबर को आयोजित की जाएगी। वहीं सरपंच एवं वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण और लॉटरी प्रक्रिया 24 सितंबर को संबंधित उपखंड स्तर पर होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने बताया कि राज्य सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशों की पालना में 23 सितंबर, बुधवार को प्रातः 10 बजे पंचायत समिति सभागार, डीग में जिला परिषद वार्ड सदस्य, पंचायत समिति प्रधान एवं पंचायत समिति वार्ड सदस्य के पदों के लिए वर्गवार आरक्षण एवं महिला आरक्षण की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

24 सितंबर को संबंधित उपखंड स्तर पर होगी लॉटरी

जिला कलक्टर मयंक मनीष ने बताया कि 24 सितंबर, गुरुवार को संबंधित उपखंड स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण/लॉटरी प्रक्रिया नियमानुसार एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित उपखंड अधिकारियों को लॉटरी प्रक्रिया हेतु नियुक्त किया गया है। जिले की पंचायत समितियों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लॉटरी प्रक्रिया संबंधित उपखंड स्तर पर आयोजित होगी।

प्रक्रिया में माननीय विधायक, ब्लॉक स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराते हुए उनकी उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि आरक्षण एवं लॉटरी की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए तथा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए।

लॉटरी स्थल पर आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं के साथ पुलिस जाब्ता, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। इस तरह डीग जिले में आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत आरक्षण और लॉटरी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 एवं 24 सितंबर को पूरी की जाएगी।

Tags: