तस्वीर में डीग जिले के ग्राम जाटौली स्थित ठाकुर चूरामन सिंह स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण और अतिथि नजर आ रहे हैं।

डीग। जिले के ग्राम जाटौली स्थित ठाकुर चूरामन सिंह स्मारक पर ठाकुर चूरामन सिंह का 305वां बलिदान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने ठाकुर चूरामन सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। क्षेत्र में सुख-शांति की कामना को लेकर भोजराज शास्त्री ने मंत्रोच्चारण के साथ हवन-यज्ञ कराया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष सतीश बंसल ने ठाकुर चूरामन सिंह की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ठाकुर चूरामन सिंह अदम्य साहस एवं वीरता के प्रतीक थे। उन्होंने अपने जीवन में कई लड़ाइयां लड़ीं। उनका निवास जाटौली के महल में था, जो अब ओंदे थून के नाम से जाना जाता है।

सतीश बंसल ने ग्रामीणों से स्मारक एवं ओंदे थून का नक्शा तथा उनकी जमीन की फाइल तैयार करने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह वेढम एवं पुरातत्व विभाग से मिलकर स्मारक के निर्माण की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

कार्यक्रम में सरपंच सतवीर सिंह, भाजपा मंडल महामंत्री बीरीसिंह चौधरी, पप्पूसिंह, कुंवरपाल, लख्मी राम, वीरेन्द्रसिंह, गोर्धन सिंह, जोगेन्दर सिंह, हितेश, पप्पी फौजदार, रवि कुमार, देशराज सिंह, हरवीर कुन्तल एवं जाटौली की सरदारी मौजूद रही।

Tags: