डीग के हॉल में खड़े होकर हाथ उठाकर मतदाता शपथ लेते हुए ग्रामीण महिला-पुरुष।

डीग जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत शनिवार, 31 अक्टूबर को डीग, बृजनगर एवं पहाड़ी ब्लॉक में विभिन्न स्थानों पर मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान राजकीय विद्यालयों, निर्वाचन साक्षरता क्लबों तथा पंचायत समिति सभागार डीग में मतदाता शपथ कार्यक्रम हुए, जिनमें विद्यार्थियों, विद्यालय स्टाफ एवं कार्मिकों ने जागरूक मतदाता बनने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

जिला स्वीप कॉर्डिनेटर धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

उन्होंने बताया कि डीग ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खोहरी, के.एल. जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डीग, श्योरावली, पास्ता, कठैरा चौथ, पटका, मूढ़ेरा एवं दुंदावल तथा महाराजा अग्रसेन राजकीय बालिका विद्यालय जनूथर में मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के अंतर्गत इकलहरा में भी मतदाता जागरूकता गतिविधि आयोजित कर प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई।

इसी क्रम में बृजनगर ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों में मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। पीईईओ भैंसेड़ा एवं पीईईओ पिपरोली के अंतर्गत भी शपथ समारोह हुए, जिनके माध्यम से मतदाताओं को जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

वहीं, पहाड़ी ब्लॉक के खंडेवला में स्वीप गतिविधि के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंचायत समिति सभागार डीग में भी मतदाता शपथ कार्यक्रम हुआ, जिसमें उपस्थित कार्मिकों ने मतदान के महत्व को समझते हुए अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

जिले के तीनों ब्लॉक में विद्यालयों, निर्वाचन साक्षरता क्लबों और पंचायत समिति स्तर पर आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से पात्र मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा पंचायतीराज चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।

Tags: