डीग। पंचायतीराज आम चुनाव के तहत चतुर्थ चरण में डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके लिए 31 अक्टूबर, शनिवार को निर्वाचन की लोक सूचना जारी की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन से लेकर नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन तक की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 4 नवंबर निर्धारित की गई है। सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर निर्धारित अवधि में प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे।

प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 5 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे से शुरू होगी। वहीं, अभ्यर्थी 6 नवंबर को अपराह्न 3 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होते ही चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए पूरी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होगी। अभ्यर्थियों को नामांकन प्रस्तुत करने और नाम वापसी सहित सभी चरणों की निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखना होगा।

Tags: