डीग में खाद्य सुरक्षा टीम का छापा, 750 लीटर तेल सीज और मिलावट के नमूने लिए
दीपावली अभियान के तहत बाबा ट्रेडर्स और रोशन लाल एंड ब्रदर्स पर कार्रवाई, गंदगी मिलने पर सुधार नोटिस जारी और चार नमूने प्रयोगशाला भेजे।
डीग में शुद्ध आहार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने 750 लीटर तेल सीज कर नमूने जांच को भेजे।
डीग, 30 अक्टूबर। दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने शुक्रवार को डीग में कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की। इस दौरान बाबा ट्रेडर्स से रिफाइंड मूंगफली तेल और तिल्ली तेल के नमूने लिए गए तथा मौके पर लगभग 750 लीटर तेल सीज किया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में भारी गंदगी मिलने पर फर्म को सुधार नोटिस भी जारी किया गया।
राज्य सरकार की ओर से संचालित 'शुद्ध आहार–मिलावट पर वार दीपावली अभियान' के तहत यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर, जिला कलेक्टर मयंक मनीष तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर विजय सिंघल के निर्देशन में की गई।
खाद्य सुरक्षा टीम ने डीग स्थित फर्म बाबा ट्रेडर्स का निरीक्षण कर रिफाइंड मूंगफली तेल (गुलाब ब्रांड) का एक नमूना लिया। इसके साथ ही तिल्ली तेल का भी एक नमूना एकत्रित किया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में अत्यधिक गंदगी पाई गई। फर्श पर तेल जमा हुआ था। इस लापरवाही को देखते हुए खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत फर्म को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया।
इसके बाद टीम ने रोशन लाल एंड ब्रदर्स का निरीक्षण किया, जहां से रिफाइंड सोयाबीन तेल (चंबल) का एक नमूना लिया गया। वहीं, दीपक डेयरी, लोहा मंडी डीग से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया गया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने पूरी कार्रवाई के दौरान कुल चार नमूने एकत्रित किए। इन चारों नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भरतपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दीपावली को देखते हुए खाद्य पदार्थों के निरीक्षण और नमूनीकरण का अभियान निरंतर जारी है।
इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिंह, चन्द्रभान रजाना, अमित कुमार चतुर्वेदी तथा वाहन चालक मनीष उपस्थित रहे।