डीग के बृज नगर में मजदूरों की समस्याएं सुनने पहुंचे इंटक के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा, पल्लेदार व मिस्त्री यूनियन के श्रमिकों और स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ।

डीग, 31 अक्टूबर। बृज नगर में मजदूर वर्ग की समस्याओं और उनकी दयनीय आर्थिक स्थिति को लेकर भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (महासभा फेडरेशन) इंटक के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा ने मजदूरों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान उन्होंने पल्लेदार यूनियन, मिस्त्री यूनियन और पेंटर यूनियन के मजदूरों से बातचीत कर उनके दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों की जानकारी ली।

एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में मजदूर वर्ग की स्थिति बेहद दयनीय है। स्थायी रोजगार और नियमानुसार मजदूरी नहीं मिलने के कारण मजदूरों का जीवन स्तर काफी निम्न हो गया है। मजदूर वर्ग नारकीय जीवन जीने को मजबूर है। स्थिति यह है कि मजदूर प्रतिदिन की आवश्यक वस्तुएं तक खरीदने में असमर्थ हैं और अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा भी नहीं दिला पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजदूर वर्ग प्रच्छन्न बेरोजगारी का शिकार है। कम मजदूरी मिलने के कारण श्रमिक अपने परिवार को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं।

मजदूरों से बातचीत के दौरान पल्लेदार यूनियन के श्रमिकों ने बताया कि उन्हें प्रति कट्टा पल्लेदारी का भाव बहुत कम मिलता है। वहीं, राजमिस्त्री यूनियन के मजदूरों ने पर्याप्त मजदूरी नहीं मिलने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि कई बार उन्हें तय की गई पूरी मजदूरी भी नहीं दी जाती, जिससे परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।

मजदूरों की समस्याएं सुनने के बाद एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा ने मौजूदा सरकार से श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कल्याणकारी योजनाएं बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मजदूरों के कार्यों में गुणवत्ता बढ़ाने के लिए समय-समय पर निशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही, मजदूरों को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से रोजगार मेले आयोजित किए जाएं, ताकि सभी स्तर के श्रमिकों को रोजगार मिल सके।

उन्होंने सरकार से मजदूर वर्ग के लिए श्रम कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने की भी मांग की। अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार को दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ श्रमिकों के श्रम कार्ड बनवाने चाहिए। इसके लिए स्थानीय स्तर पर समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाएं, जिससे मजदूर आसानी से श्रम कार्ड बनवा सकें। इससे मजदूर वर्ग को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने के साथ उनके जीवन स्तर में सुधार हो सकेगा।

इस दौरान साहिल खान मेवाती, प्रताप सिंह नौगामा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष, किसान कांग्रेस, शुभम बंसल, युवक कांग्रेस नगर विधानसभा उपाध्यक्ष, हेमेंद्र सिंह गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष, जिला कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ, जिला डीग और सुनील सैनी, सोशल मीडिया प्रभारी, शहर कांग्रेस कमेटी, ब्रजनगर सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके अलावा बने सिंह ठेकेदार, लाल सिंह ठेकेदार, श्याम सिंह, विजय सिंह, राजपाल, तारा, नबी, बबलू, सुंदर, शीशराम सुंदर, दयाराम, प्रताप सिंह और पप्पू भी उपस्थित रहे।

Tags: