डॉ. वर्तिका गोयल ने पल्मोनोलॉजी में हासिल की एमडी की डिग्री, डीग का नाम रोशन
| SMS मेडिकल कॉलेज से रेस्पिरेटरी मेडिसिन में एमडी करने वाली डॉ. वर्तिका गोयल की सफलता से डीग क्षेत्र और गोयल परिवार में खुशी का माहौल है।
डीग की बेटी डॉ. वर्तिका गोयल ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने पल्मोनोलॉजी (श्वसन एवं छाती रोग चिकित्सा) में एमडी की उपाधि प्राप्त की है। उनकी इस सफलता से गोयल परिवार सहित पूरे डीग क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, शुभचिंतकों और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
डॉ. वर्तिका गोयल ने एसएमएस मेडिकल कॉलेज से एमडी (रेस्पिरेटरी मेडिसिन) की उपाधि प्राप्त की है। चिकित्सा के क्षेत्र में इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है।
डॉ. वर्तिका का डीग से विशेष लगाव रहा है। सरल, मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के चलते उन्होंने क्षेत्र के लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। डीग से जयपुर उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को उन्होंने हमेशा अपने परिवार का सदस्य समझकर सहयोग दिया और सेवाभाव से उनका मार्गदर्शन किया। मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के साथ दवाइयों के माध्यम से समय पर उपचार दिलाने में भी उनका विशेष सहयोग रहा है। उनके इसी सेवाभावी व्यवहार ने डीग के लोगों के दिलों में उनके प्रति विशेष स्थान बनाया है।
डॉ. वर्तिका के जीवन में बचपन से ही कठिन परिस्थितियां रहीं। उनके बचपन में ही पिता का निधन हो गया था। ऐसे समय में उनके ताऊ निर्मल गोयल और संयुक्त परिवार ने उन्हें स्नेह, संरक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। निर्मल गोयल का उनके प्रति हमेशा विशेष स्नेह और सहयोग रहा, जिसने उनकी जीवन यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि डॉ. वर्तिका गोयल का विवाह लगभग एक वर्ष पूर्व जयपुर के डॉ. विनय गोयल के सुप्रसिद्ध गोयल हॉस्पिटल से जुड़े डॉ. राघव गोयल के साथ हुआ है। डॉ. राघव गोयल ने एमबीबीएस के बाद ऑर्थोपेडिक्स में एमएस की उपाधि प्राप्त की है।
डॉ. वर्तिका की इस उपलब्धि ने उनके परिवार के साथ डीग के लोगों को भी गौरवान्वित किया है। चिकित्सा शिक्षा में एमडी की उपाधि हासिल करने के साथ मरीजों के प्रति उनका सेवाभाव क्षेत्र में उनकी पहचान को और मजबूत करता है।