डीग के लक्ष्मण मंदिर चौक पर होने वाली कृष्णलीला के पोस्टर का विमोचन करते शहरवासी।   

जल महलों की नगरी डीग में पहली बार शहर के मुख्य बाजार स्थित ऐतिहासिक लक्ष्मण मंदिर चौक पर श्री कृष्ण लीला एवं भक्त चरितामृत लीला का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 23 अक्टूबर शुक्रवार से 29 अक्टूबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय आयोजन को लेकर मंगलवार को शहरवासियों ने कृष्णलीला के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि कृष्णलीला सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और गौरवशाली परंपराओं की जीवंत पहचान है।

श्री बृज लठावन धाम स्थानीय रामलीला महोत्सव समिति डीग के तत्वावधान में आयोजित होने वाली श्री कृष्ण लीला एवं भक्त चरितामृत की विशाल और भव्य लीला का मंचन 23 अक्टूबर से शुरू होगा। संयोजक इन्द्रमोहन शर्मा लाला ने बताया कि कृष्णलीला का मंचन रासाचार्य पद्म श्री विभूषित स्वामी श्री रामस्वरूप शर्मा जी के सुपुत्र स्वामी श्री हरि बल्लभ शर्मा छोटे ठाकुर जी द्वारा किया जाएगा। वे श्री श्यामा श्याम लीला संस्थान, श्री वृंदावन से जुड़े हैं। मंचन के दौरान ब्रजभूमि में प्रभु श्री कृष्ण की गोचारण लीलाओं का भावपूर्ण और जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष बबली शर्मा ने बताया कि आयोजन में कृष्ण जन्म की भूमिका, जन्मोत्सव एवं बधाई, पूतना वध, माखन चोरी लीला, श्याम सगाई, मीरा बाई चरित्र, नरसी का भात, नानी बाई रो मायरा, कंस वध लीला और रुकमणी कृष्ण मंगल लीला का मंचन किया जाएगा। इन धार्मिक प्रसंगों के बीच मटकी फोड़ माखन चोर लीला और महारास लीला विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

डीग के मुख्य बाजार स्थित लक्ष्मण मंदिर चौक पर पहली बार आयोजित हो रही इस कृष्णलीला को लेकर शहरवासियों ने पोस्टर विमोचन के दौरान अपनी सहभागिता दर्ज कराई। आयोजन के माध्यम से ब्रजभूमि की लीलाओं और भक्त चरितामृत के प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर गोपाल बीड़ी वाले, संजय पीतलिया, गुलज़ारी सेठी, दाऊ दयाल नसवारिया, जगदीश टकसालिया, केदार सौखिया, नानक पंडित, विष्णु मित्तल, छैल बिहारी राठौर, राकेश गोयल, पंकज पाराशर, पंकज सौखिया, लोकी शर्मा, खगेन्द्र शर्मा, मनोज बीड़ी वाले, मोहित पाराशर, रवि बौहरे और काव्य पाराशर तन्नू मौजूद थे।

Tags: