डीग के कामां बाईपास पर बिजली के लटकते तारों की स्पार्किंग के कारण मिनी ट्रक में आग लग गई, जिसे बुझाने के प्रयास किए गए।

डीग में रविवार, 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे कामां बाईपास पर बिजली के तारों में स्पार्किंग होने से एक मिनी ट्रक में आग लग गई। अचानक आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग आग बुझाने का प्रयास करते नजर आए। सूचना मिलते ही डीग शहर कोतवाली थाना पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक ब्यावर से कुरकुरे लेकर डीग आया था। ट्रक में ओवरलोड सामान भरा हुआ था। कामां बाईपास पर नीचे लटक रहे बिजली के तारों के संपर्क में आने से तारों में स्पार्किंग हुई, जिससे ट्रक में रखे सामान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ट्रक में लदे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर मंगतू सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल और मोहल्लेवासियों की सहायता से आग पर काबू पाया गया।

इस घटना में गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग के कारण करीब 4.30 लाख रुपये का माल जलकर राख हो गया। बिजली के नीचे लटक रहे तारों में स्पार्किंग से हुई इस घटना में ट्रक में लदे सामान को नुकसान पहुंचा।

Tags: