डीग में आयोजित रामलीला महोत्सव के दौरान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों की महाआरती में भाग लेते चिकित्सक एवं अतिथि।   

डीग, 18 अक्टूबर। डीग में चल रहे रामलीला महोत्सव में भगवान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता से लेकर लंका दहन तक की लीलाओं का मंचन किया गया। इससे पूर्व भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की महाआरती हुई। इसमें कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नीरज शर्मा और डीग जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. जीतेन्द्र सिंह फौजदार ने सपरिवार भगवान श्रीराम की आरती उतारी।

इस अवसर पर पीएमओ डॉ. जीतेन्द्र सिंह फौजदार ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम सभी के प्रेरणास्रोत हैं। भगवान श्रीराम और माता सीता के चरित्र एवं आदर्शों को अपने सांसारिक जीवन में अपनाकर ही हम अपने बच्चों और संपूर्ण समाज को संस्कारित एवं सभ्य बना सकते हैं।

रामलीला के दौरान बाली का मरण, जटायु का मरण, वानरों का महाराज सुग्रीव से मिलन और भगवान श्रीराम तथा सुग्रीव की मित्रता का मंचन किया गया। इसके साथ ही हनुमान जी द्वारा अशोक वाटिका उजाड़ने, लंका दहन करने और भगवान श्रीराम द्वारा माता सीता का पता लगाने के लिए बंदरों, भालुओं तथा हनुमान जी को आदेश देने की लीलाओं का भी पात्रों ने आकर्षक एवं प्रेरणादायी मंचन किया।

लंका दहन के दृश्य के दौरान की गई आतिशबाजी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। रामलीला महोत्सव में भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और रामायण के प्रसंगों का मंचन किया गया। महाआरती से लेकर विभिन्न लीलाओं तक धार्मिक आयोजन के माध्यम से भगवान श्रीराम के चरित्र और आदर्शों को प्रस्तुत किया गया।

Tags: