डीग में मां सरस्वती मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 19 अक्टूबर को, भव्य सम्मान समारोह आयोजित
दशहरा पर राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय डीग में मां सरस्वती मंदिर की स्थापना होगी, जिसमें 550 से अधिक विशिष्ट लोग सम्मानित किए जाएंगे।
डीग, 17 अक्टूबर। डीग में मां सरस्वती मंदिर की स्थापना के उपलक्ष्य में 19 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। स्वर्गीय श्री रमेश चन्द गुप्ता अध्यापक निवासी चौधरी का कटरा पुरानी डीग की स्मृति तथा स्वर्गीय श्री चरनलाल गुप्ता (आलू वाले) एवं उनकी पत्नी स्वर्गीय श्रीमती अशर्फी देवी की स्मृति में निर्मित मां सरस्वती मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के साथ यह समारोह आयोजित होगा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ डीग के जिला उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता इस कार्यक्रम के आयोजक हैं।
मां सरस्वती मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 19 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, पुराना बस स्टैंड घंटा घर, डीग में प्रातः 10 बजे की जाएगी। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता श्रीनाथ जी मंदिर, पुंछरी के महंत महाराज चन्दू जी मुखिया करेंगे। राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री जवाहर सिंह जी बेढम मुख्य अतिथि तथा विधायक शैलेष दिगम्बर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह में जिला कलेक्टर डीग, पुलिस अधीक्षक सहित सभी प्रशासनिक अधिकारियों, सभी नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों, समाज में विशिष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों एवं सेविकाओं, डीग ब्लॉक के प्रमुख प्रधानाचार्यों, प्रमुख भामाशाहों, डीग के समस्त मीडियाकर्मियों, पूर्व विद्यार्थियों और समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस समारोह में लगभग 550 व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।
जिला उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने बताया कि उनके पूर्व विद्यार्थी रहे ऐसे सभी विद्यार्थियों का भी सम्मान किया जाएगा, जो देश और समाज के हित में अपना योगदान दे रहे हैं। मां सरस्वती मंदिर की स्थापना से जुड़े इस आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षा जगत, समाजसेवियों, मीडिया कर्मियों और समाज की प्रतिभाओं को एक मंच पर सम्मानित किया जाएगा।