डीग में रामलीला महोत्सव के दौरान मंच पर प्रस्तुति देते बाल कलाकार।   

डीग जिले में पंडित नारायण लाल आचार्य अखाड़ा श्री रामलीला महोत्सव के दौरान सूपर्णखाँ का कुरूप होना और सीता हरण की लीला का मंचन किया गया। रामलीला में छोटे-छोटे बाल कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने शहरवासियों का ध्यान खींचा। इस दौरान पंचवटी में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के प्रसंग के साथ सूपर्णखाँ की लीला का मंचन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा।

रामलीला के मंचन के अनुसार, गोदावरी नदी के किनारे स्थित पंचवटी में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता पहुंचे। इसी दौरान आधुनिकता का अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब रावण की बहन सूपर्णखाँ नेक्सॉन गाड़ी में सवार होकर पंचवटी में राम और लक्ष्मण के समीप पहुंची। इस दृश्य को देखकर पांडाल में मौजूद दर्शक उत्साहित और रोमांचित हो उठे।

इसके बाद सूपर्णखाँ ने प्रभु श्रीराम को अनेक प्रकार से लुभाने का प्रयास किया। श्रीराम के इशारे पर उनके अनुज भ्राता लक्ष्मण ने सूपर्णखाँ की नाक काट दी। इस प्रसंग के मंचन ने पांडाल में मौजूद हजारों दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया।

रामलीला महोत्सव के अधिष्ठाता पंडित सूर्यभान शास्त्री ने बताया कि महोत्सव के दसवें दिन भगवान श्रीराम और सुग्रीव के मिलन के साथ लंका दहन की लीला का आकर्षक मंचन किया जाएगा।

इधर, रामलीला में नन्हे कलाकारों के सुंदर, आकर्षक और मनमोहक अभिनय को देखने के लिए शहरवासियों के साथ-साथ दूर-दराज के आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी लोग डीग पहुंच रहे हैं। बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों और रामायण के प्रसंगों के मंचन के चलते रामलीला महोत्सव में दर्शकों की भागीदारी बनी हुई है।

Tags: