तस्वीर में अधिकारी लाइब्रेरी में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर रहे हैं।

जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देश पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह चुंडावत ने बुधवार को सूचना केंद्र में नवनिर्मित लाइब्रेरी का अवलोकन किया। उन्होंने लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह चुंडावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लाइब्रेरी विद्यार्थियों के लिए ज्ञान प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां अध्ययन करने वाले विद्यार्थी अपने समय का अधिक से अधिक उपयोग किताबी ज्ञान अर्जित करने और अपनी पढ़ाई को बेहतर बनाने में करें। उन्होंने कहा कि अध्ययन के दौरान मन को भटकने नहीं दें और पूरी एकाग्रता के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें।

उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शैक्षणिक अध्ययन के लिए नियमित पुस्तक पठन की आदत विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का अधिकतम लाभ उठाकर अपने ज्ञान का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया।

सूचना केंद्र में नवनिर्मित लाइब्रेरी को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं बेहतर अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां शांत एवं अनुकूल वातावरण में छात्र-छात्राएं नियमित अध्ययन कर सकते हैं। लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का लाभ मिल सकेगा।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला परिषद के कमलेश सहलोत सहित जनसंपर्क कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

Tags: