बड़ी सादड़ी में विद्युत लाइन के तार चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार
पारसोली जीएसएस समेत कई स्थानों से तार काटने के मामले में कार्रवाई, 2.5 लाख रुपये के नुकसान के बाद पुलिस ने बरामद किए तार।
तस्वीर में पुलिस थाने के बाहर खड़े पुलिसकर्मी और बरामद विद्युत तार दिखाई दे रहे हैं।
बड़ी सादड़ी में विद्युत लाइन के खंभों से तार काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए विद्युत लाइन के तार भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा पारसोली जीएसएस सहित अलग-अलग स्थानों पर विद्युत लाइन से तार चोरी करने की वारदातें करना सामने आया है।
प्रार्थी गोविन्द पिता सुरेश जी धाकड़, उम्र 32 साल, निवासी रावतपुरा थाना जलोदा जागीर प्रतापगढ़, हाल कनिष्ठ अभियन्ता एवीवीएनएल बड़ीसादड़ी ने 28.08.2026 को थाना उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दी थी कि विद्युत विभाग द्वारा विद्युत सप्लाई के लिए संपूर्ण क्षेत्र में 33 केवी लाइनें खींची हुई हैं। 30.07.2026 की रात्रि में 33 केवी पारसोली लाइन पर बड़ीसादड़ी रेलवे पुलिया से लक्ष्मीपुरा रोड तक अज्ञात चोरों ने लाइन का तार चोरी कर लिया। इससे विद्युत विभाग को 2,50,200 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ तथा विद्युत आपूर्ति में भी परेशानी उत्पन्न हुई।
रिपोर्ट पर प्रकरण संख्या प्र.स. 213/2026 धारा 303(2), 324(3) बीएनएस एवं धारा 136 विद्युत एक्ट में दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेन्द्र सिंह यादव आई.पी.एस. के आदेश की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) चित्तौड़गढ़ गजेन्द्र सिंह आर.पी.एस. के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत बड़ीसादड़ी हरिशचन्द्र सिंह आर.पी.एस. के सुपरविजन में विद्युत लाइन के खंभों से तार काटकर चोरी करने की वारदात को ट्रेस आउट करने और त्वरित कार्रवाई के लिए थानाधिकारी बड़ीसादड़ी भगवानलाल पु.नि. के नेतृत्व में लीलाराम स.उ.नि. मय जाप्ता की टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता से बड़ीसादड़ी रेलवे पुलिया से लक्ष्मीपुरा रोड तक विद्युत लाइन के तार चोरी के मामले में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ में शोकिन, विक्रम, शिवसिंह मीणा, नरेश मीणा, सावरिया सिंह मीणा व एक अन्य साथी द्वारा वारदात करना पाया गया। पुलिस ने अभियुक्तगण को गिरफ्तार कर एक अभियुक्त को नामजद किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए विद्युत लाइन के तार बरामद किए गए। अभियुक्तगण से दीगर वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पारसोली जीएसएस से विद्युत लाइन के तार चोरी करने, रघुनाथपुरा गांव की 11 केवी विद्युत लाइन के खंभे से मैन लाइन के तार चुराने, जरखाना भट्टे के पास विद्युत लाइन के खंभे से मैन लाइन के तार चुराने तथा नाहरपुरा थाना कानोड जिला उदयपुर स्थित विद्युत लाइन के खंभे से मैन लाइन के तार चोरी करने की वारदातें भी की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में शोकिन पिता शंकरसिंह जाति मीणा निवासी बौरूण्डी पुलिस थाना बड़ीसादड़ी, विक्रम पिता अनुलाल मीणा निवासी पायरो का खेड़ा पुलिस थाना बड़ीसादड़ी, शिवसिंह मीणा पिता निर्भयसिंह मीणा निवासी शिवपुरा पुलिस थाना बड़ीसादड़ी, नरेश मीणा पिता शंकरसिंह मीणा निवासी बोरूण्डी पुलिस थाना बड़ीसादड़ी तथा सांवरिया सिंह मीणा पिता भैरूसिंह रावत मीणा निवासी शिवपुरा पुलिस थाना बड़ीसादड़ी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारशुदा अभियुक्त शिवसिंह मीणा के विरूद्ध पूर्व में चोरी का एक प्रकरण दर्ज होकर जैर ट्रायल है। गिरफ्तारशुदा अभियुक्त नरेश मीणा के विरूद्ध पूर्व में चोरी के तीन प्रकरण दर्ज होकर जैर ट्रायल है। वहीं गिरफ्तारशुदा अभियुक्त सावरिया सिंह मीणा के विरूद्ध पूर्व में चोरी का एक प्रकरण दर्ज होकर जैर ट्रायल है।
इस कार्रवाई में लीलाराम स.उ.नि., बाबूलाल कानि., रामकिशोर कानि., श्रवण कुमार कानि., राकेश कुमार कानि. और सुनिलराज कानि. का सहयोग रहा। पुलिस की कार्रवाई से विद्युत लाइन से तार चोरी की दर्ज वारदातों की जांच को आगे बढ़ाया गया है और गिरफ्तार आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।